शहर के व्यस्तम चौराहे पर स्कूल कर्मचारी के उन्नीस वर्षीय बेटे रोहित कुमार को गोलियों से भून कर मौत के घाट उतार दिया। सरेशाम बीच चौराहे पर हुई इस वारदात से सनसनी फैल गई। गुस्साएं लोगों ने जाम लगाकर हंगामा किया। लेकिन पुलिस ने उन्हें समझाकर हटा दिया। देर रात हत्यारोपी ने थाने में सरेंडर कर दिया।
मझोला थानाक्षेत्र के प्रकाश नगर स्थित इंदिरा गांधी पूर्व माध्यमिक विद्यालय में श्रीओम चौकीदार हैं। उनका परिवार स्कूल परिसर में ही रहता है। श्री ओम के तीन बेटों में बड़े बेटे मोहित की मोबाइल शॉप है। जबकि मझला बेटा शोभित ऑटो चलाता है।
श्रीओम की पत्नी मुन्नी ने बताया कि एक साल पहले प्रकाश नगर में रहने वाले गुड्डू सैनी से रोहित का झगड़ा हुआ था। दो दिन पहले भी उसने रोहित को घेर लिया था। मंगलवार शाम करीब पांच बजे रोहित नौकरी की तलाश में हरिद्वार जा रहा था। रोहित प्रकाश नगर चौराहे के पास ही पहुंचा था।
इसी बीच वहां गुड्डू बाइक से पहुंच गया और उसने रोहित को घेर लिया। गुड्डू ने रोहित पर गोलियां बरसा दीं। चार गोलियां मारने के बाद गुड्डू सैनी उसके साथी हथियार लहराते फरार हो गए। सूचना मिलने पर परिजन भी आ गए। मौके पर जुटी भीड़ ने जाम लगा दिया।
पुलिस ने उन्हें समझाकर जाम खुलवाया। एसएसपी नितिन तिवारी ने बताया कि गुड्डू सैनी और उसके पिता सूरज पहलवान के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। जबकि गुड्डू को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है।