हिंदू कॉलेज में शुक्रवार को प्रयोगात्मक परीक्षा देने के लिए गई एमए फाइनल ईयर की छात्रा से सहायक प्रोफेसर ने ऑफिस में बुलाकर छेड़खानी की। छात्रा की सूचना पर उसका भाई अपने दोस्तों के साथ कॉलेज पहुंचा और आरोपी प्रोफेसर की धुनाई की। इस दौरान कॉलेज में जमकर हंगामा हुआ।
कोतवाली पुलिस ने आरोपी प्रोफेसर को गिरफ्तार कर लिया है। मझोला के बौद्ध विहार में रहने वाली युवती हिंदू कॉलेज में साइकॉलोजी विषय से एमए फाइनल ईयर की छात्रा है। छात्रा ने बताया कि कॉलेज में संविदा पर तैनात अमरोहा के सट्टी गांव का रहने वाला सहायक प्रोफेसर मोहम्मद जाफर अली मुंतिजर उस पर काफी समय से बुरी नीयत रखता है।
शुक्रवार को छात्रा प्रयोगात्मक परीक्षा देने के लिए कॉलेज पहुंची। आरोप है कि इस दौरान प्रोफेसर ने छात्रा को परीक्षा देने के लिए अपने ऑफिस में बुलाया, वहां पर छात्रा से छेड़खानी करने लगा। छात्रा ने विरोध जताया तो फेल कर देने की धमकी दी। छात्रा ने मामले की शिकायत कॉल कर अपने भाई से की।
सूचना पर छात्रा का भाई अपने दोस्तों के साथ कॉलेज पहुंचा और प्रोफेसर की धुनाई कर दी। इस दौरान कॉलेज के स्टाफ ने प्रोफेसर को बचाया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में लिया, उसने खुद को बेकुसूर बताया है।
एसपी सिटी अभिषेक यादव ने बताया कि छेड़खानी की शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी प्रोफेसर को गिरफ्तार कर लिया गया है, जल्द ही उसे जेल भेज दिया जाएगा।