निर्यातक के बेटों और उनके दोस्तों पर कटघर पुलिस ने खासी मेहरबान दिखी। आरोप है कि निर्यातक के बेटों ने कटघर थाने के दरवाजे पर स्थित आईडीबीआई बैंक में घुसकर तोड़फोड़ और मारपीट करने के साथ ही गार्ड की बंदूक लूटने की कोशिश की थी। बैंक के असिस्टेंट ममैनेजर ने एफआईआर में आरोपियों पर कैश लूटने की कोशिश का भी आरोप लगाया था। कटघर इंस्पेक्टर ने मौके से रंगे हाथ पकड़े गए सभी छह आरोपियों को थाने से ही छोड़ दिया।
इंस्पेक्टर ने रात में ही निर्यातक के तीन बेटों समेत सभी छह आरोपियों को खामोशी से थाने से ही जमानत पर छोड़ दिया। कटघर थाने के सामने स्थित आईडीबीआई बैंक में यह घटना गुरुवार को पूर्वाह्न करीब साढ़े ग्यारह बजे हुई थी। गलशहीद थाना क्षेत्र में भूड़ा चौराहा निवासी निर्यातक जमील अहमद के बेटों उबेदुर्रहमान, तालिब और मुजीबुर्रहमान ने अपने साथियों साजिद पुत्र शादाब हुसैन निवासी करुला पीर का बाजार, इंतखाब पुत्र वकील अहमद निवासी करुला और शाहनवाज पुत्र मोहम्मद हनीफ निवासी करुला गली नंबर एक के साथ मिलकर आईडीबीआई बैंक में तोड़फोड़ की थी और कैशियर व बाकी स्टाफ को पीटा था।
विरोध करने पर गार्ड की बंदूक लूटने की कोशिश की थी। कैश बाक्स को तोड़ दिया था और रकम लूटने की कोशिश की थी। एटीएम से पांच सौ रुपये के नोट नहीं निकलने की वजह से निर्यातक का बेटा भन्नाया था। पुलिस ने मौके से बैंक से निर्यातक के बेटों समेत सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था।
बैंक के असिस्टेंट मैनेजर चंद्रेश कुमार श्रीवास्तव ने सभी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। लेकिन आरोपी पैसे और रसूख वाले थे लिहाजा उन्हें थाने की हवालात के बजाए कोतवाल के कमरे में आराम फरमाने का मौका दिया गया। बात यहीं नहीं रुकी, रईसजादों को तकलीफ न हो इसलिए इंस्पेक्टर ने रात को ही सभी को थाने से जमानत पर छोड़ दिया।