चोरी की घटना भले ही बड़ी न हो लेकिन चोर का हौसला का काफी बुलंद है। चोर लगातार तीन रात चोरी करने सिविल लाइन थाने के पीछे पहुंचा। एक बार फेल रहा तो दो बार अपने मकसद में कामयाब रहा। यही नहीं चोर अगले दिन अपनी छोड़ी गई चप्पल भी उठा ले गया।
ये तब है जब थाने में तहरीर दी जा चुकी है। वहीं सोमवार को अस्पताल के गेट पर संचालित कैंटीन की जाली काटकर अंदर घुस गया। सिविल लाइंस थाने की बाउंड्री से सटे जिला अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डा. राजेंद्र कुमार का सरकारी आवास है।
सोलह सितंबर की रात चोर उनके आवास में घुस आया। लेकिन डाक्टर की नींद खुलने पर चोर भाग निकला। मौके पर चोर की कैंची और चप्पल छूट गई। बाद में डा. राजेंद्र कुमार ने सिविल लाइन थाने में तहरीर दी। ठीक दूसरी रात चोर फिर उनके आवास में घुस गया और उनके बच्चे की साइकिल और पंप उठा ले गया।
दूसरे डाक्टर की कार का लाक तोड़ने की भी कोशिश की। यही नहीं चोर मौके पर छोड़ी अपनी चप्पल भी पहनकर चलता बना। वहीं सोमवार की रात चोर ने अस्पताल के गेट पर बने कैंटीन को निशाना बनाया। कैंटीन की जाली काटकर चोर अंदर घुस गया। लगातार तीन रात से चोरी की घटना से सरकारी आवासों में रहने वाले डाक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों में दहशत है।