पीतल नगरी में बाजार के अंदर शुक्रवार को सरेशाम सराफ पर फायरिंग कर जेवर, नगदी लूटे जाने के मामले में 30 घंटे बाद भी दहशत का वो मंजर सराफ की आंखों के सामने आता है। दहशत की वजह से वह शनिवार को दुकान खोलने के लिए नहीं गए, घर पर ही वह मौजूद रहे और उनसे मिलने के लिए जानकार उनके पास पहुंचे। उधर, दूसरे दिन भी बदमाशों को गिरफ्तार करने में पुलिस फेल रही, चार टीमों को वारदात के खुलासे के लिए लगाया गया है।
सोमवार को कटघर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज चेक की तो उसमें सराफ और बदमाशों के बीच हुई भिड़ंत भी साफ नजर आई। हाथ में तमंचा लिए बदमाशों से निहत्थे होते हुए भी सराफ ने बहादुरी से उनका सामना किया। जेवर और नगदी बचाने के लिए सराफ न अपनी जान दांव पर लगा दी।
बदमाशों ने दो बार गोली चलाई, जिसमें सराफ बाल-बाल बचा। 30 घंटे बाद भी दहशत का वो मंजर सराफ की आंखों के सामने नजर आता है, उनका कहना है कि अगर वारदात के वक्त वहां पर मौजूद पब्लिक तमाशा देखने के बजाय थोड़ी हिम्मत दिखाकर उनके साथ बदमाशों से सामना करती तो वे अपने मंसूबों में कामयाब न हो पाते।
दूसरी, तरफ दो दिन बाद भी लुटेरों को ट्रेस करने में पुलिस की टीम फेल साबित हुई है। बता दें कि शुक्रवार को सरेशाम सूरजनगर निवासी सराफ प्रदीप रस्तोगी से दो बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने पीतल बस्ती में जेवर, नगदी लूट की वारदात को अंजाम दिया था। सराफ पर बदमाशों ने दो गोली भी चलाई थी, जिसमें वह बाल-बाल बचे।
खुलासा: अपाचे बाइक पर मोपेड का नंबर लगाकर आए थे बदमाश
सराफ से लूट के मामले में खुलासा हुआ है कि वारदात को साजिश के तहत अंजाम दिया गया है। साजिश कई दिन पहले रची गई थी, आरोपियों ने इसके लिए वारदात में इस्तेमाल अपाचे बाइक पर मोपेड का नंबर लगाया था। जिससे की सीसीटीवी में कैद होने के बाद भी पुलिस उनको ट्रेस न कर सके, मुंह भी बदमाशों ने कवर किया हुआ था।
एसपी सिटी आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि सीसीटीवी में कैद अपाचे बाइक पर जिस मोपेड का नंबर है, वह छजलैट की मोपेड है। इस वजह से छजलैट में भी बदमाशों के बारे में जानकारी की जा रही है। बदमाशों की पहचान के लिए मुखबिर तंत्र की भी मदद ली जा रही है, दो संदिग्धों के बारे में जानकारी मिली है।
उन पर शिकंजा कसा गया है। इसके अलावा हाल ही में जेल से छूटे बदमाशों के बारे में जानकारी की जा रही है, जिससे की गिरोह का पता चल सके।
पीड़ित सराफ ने शुक्रवार को बताया था कि उससे पांच किलो चांदी, दो सौ ग्राम सोना और 50 हजार रुपये की नगदी लूटी गई है, जबकि एफआईआर में एक किलो चांदी ओर 50 ग्राम सोने के आभूषण लूटा जाना बताया गया है। इस संबंध में देर रात को सराफ की पत्नी पिंकी का कहना है कि एफआईआर में कम जेवर दिखाए जाने के बारे में पता नही है।
लूट की वारदात को पीतल बस्ती पुलिस चौकी के पास बाजार में सरेशाम अंजाम दिया गया है। सराफ से लूट की घटना से कुछ घंटे पहले ही एक मकान में भी चौकी के पास चोरी की वारदात की गई। पुलिस चौकी से महज एक मिनट की दूरी पर सराफ से सरेशाम लूट की घटना हुई लेकिन पुलिसकर्मी उसकी मदद के लिए नहीं पहुंचे।
जबकि पूर्व डीजीपी सुलखान सिंह ने शाम के वक्त बाजार में पुलिस को रोजाना गश्त के लिए निर्देश दिया था।सूबे में नए डीजीपी आए तो पुलिस ने बाजार में पैदल गश्त के लिए निकलना ही बंद कर दिया। इस संबंध में पुलिस चौकी पर तैनात पुलिसकर्मियों से भी जवाब तलब किया गया है।
एसपी सिटी का कहना है कि शाम के वक्त पुलिसकर्मियों को बाजार में गश्त करने के निर्देश दिए गए हैं, वारदात को पुलिस चौकी के पास बाजार में अंजाम दिया गया लेकिन वहां पर एक भी पुलिसकर्मी घटना के वक्त मौजूद न होने के बारे में जांच की जाएगी। लापरवाह पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी, ड्यूटी में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।