रामपुर से शादी समारोह में आ रहे बाइक सवार दंपति को मूढापांडे के गोवर्धनपुर में बाइक सवार तीन बदमाशों ने ओवरटेक कर रोक लिया। तमंचे के बल पर महिला के जेवर उतरवा लिए। विरोध करने पर दंपति को जान से मारने की धमकी दी।
महिला के पति से छह सौ रुपये भी लूट लिए। वारदात के बाद बदमाश दलपतपुर की तरफ भाग गए। मूढापांडे पुलिस ने लुटेरों की तलाश में सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन वह हत्थे नहीं चढे़।
रामपुर के सिविल लाइंस निवासी काशीपुरा आगाहपुरा गांव निवासी ब्रिजेश सिंह किसान हैं। उनकी ससुराल वीरपुर वरियार उर्फ खरग गांव में है। मंगलवार को उनकी साली क्रांति की शादी है। वह पत्नी कमलेश के साथ शादी समारोह में शामिल होने के लिए बाइक पर अपनी ससुराल आ रहे थे।
जब वह गोवर्धनपुर गांव में पहुंचे तो पीछे से बाइक पर आए तीन बदमाशों ने ओवरटेक कर उन्हें गन प्वाइंट पर रोक लिया। बदमाशों के हाथों में तमंचे थे। दंपति के रुकने पर बदमाशों ने महिला से जेवर लूटने की कोशिश की, विरोध करने पर दंपति को गोली मारने की धमकी दी।
ब्रिजेश ने पुलिस को कॉल करने के लिए मोबाइल निकाला तो बदमाशों ने मोबाइल छीनकर दूर फेंक दिया। आरोप है कि बदमाशों ने महिला से सोने की दो अंगूठी, सोने का टीका, हार, बाजूबंद, और करधनी समेत करीब डेढ़ लाख रुपये के जेवर उतरवा लिए। महिला के पति से छह सौ रुपये लूट लिए।
वारदात के बाद बदमाश जान से मारने की धमकी दी। वारदात के बाद बदमाश फरार हो गए। पीड़ित मोबाइल उठाकर लेकर आया और कंट्रोल रूम में कॉल कर सूचना दी। एसएचओ मूढापांडे जसपाल ने बताया कि मौके पर जाकर जांच की गई।
दंपति ने बताया कि तीनों बदमाशों के चेहरे खुले थे, एक की उम्र करीब 45 साल बाकी दो करीब 25 साल के थे। आरोपी लुटेरों की तलाश में सर्च अभियान चलाया गया, लेकिन वह हत्थे नहीं चढे़। दंपति की शिकायत के आधार पर लूट की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।