फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बाइकर्स ने की फायरिंग वैन में छात्रा को लगी गोली

Tue, 09 May 2017 02:19 AM IST
अमर उजाला ब्यूूराे
विज्ञापन
विज्ञापन
महानगर के लालडिग्गी रोड पर सोमवार को दिनदहाड़े रोडरेज की वारदात में बाइकर्स द्वारा की गई फायरिंग में एएमयू गर्ल्स स्कूल की वैन में सवार पांचवीं की छात्रा के सिर में गोली जा धंसी। दिनदहाड़े वारदात से इलाके में सनसनी मच गई और वैन सवार अन्य छात्राएं मारे दहशत के चीखने व बिलखने लगीं। एकाएक वारदात के बाद हमलावर तो तेजी से भाग गए, आसपास के लोग हक्के-बक्के रह गए। 
विज्ञापन

आनन-फानन छात्रा को मरणासन्न हालत में जेएन मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां खबर पर एसएसपी सहित आला पुलिस अधिकारी भी पहुंच गए। कई घंटे के प्राथमिक उपचार व ऑपरेशन के बाद भी छात्रा की हालत नाजुक बनी थी और उसे दिल्ली रेफर किया जा रहा था। इधर, पुलिस की एक टीम वारदात की सही वजह तक पहुंचने में जुटी हुई है और आसपास के सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं। 
  एएमयू वीमेंस कॉलेज के अमीर निशा गेट से लाल डिग्गी को जा रहे रोड पर सोमवार दोपहर डेढ़ बजे गर्ल्स स्कूल की छुट्टी के बाद वैन चालक हबीब निवासी जमालपुर सिविल लाइंस एक दर्जन छात्राओं को लेकर पुराने शहर के ऊपरकोट इलाके में छोड़ने जा रहा था। छुट्टी के कारण रोज की तरह रोड पर जाम था और गाड़ी बेहद धीमी गति से चल रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों और वैन चालक के अनुसार एएमयू एनएसएस दफ्तर के सामने पहुंचा ही था कि सामने से उसके बराबर में एक इनोवा कार आकर रुकी। कार और वैन के बीच से वैन के पीछे से आते अपाचे सवारों ने निकलने की जल्दी की तो बाइक का हैंडल इनोवा के साइड मिरर से टकरा गया। इस बात पर इनोवा चालक व बाइक सवारों में कहासुनी और झगड़ा शुरू हो गया।
विज्ञापन



इसी बीच अपाचे सवारों के काली पल्सर सवार दो साथी और आ गए, जिन्होंने उस झगड़े में शामिल होकर तमंचा निकाल लिया और वैन के पीछे की ओर से इनोवा चालक को निशाना बनाकर फायर झोंका। मगर उनका निशाना चूक गया और गोली वैन की बीच वाली खिड़की के खुले शीशे के रास्ते खिड़ी पर बैठी 13 वर्षीय छात्रा अनस असलम पुत्री मो.असलम निवासी मोहल्ला शेखरान ऊपरकोट कोतवाली के सिर में जा धंसी। इसके बाद बाइक सवार तो भा गए। मगर वैन में चीख पुकार मचने के कारण इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

यह देख खुद वैन चालक हबीब घबरा गया। आनन-फानन उसने लोगों की मदद से अन्य छात्राओं को वहीं उतारा और घायल को लेकर सीधे मेडिकल कॉलेज इमरजेंसी पहुंच गया। इसी बीच सूचना पर सीओ तृतीय राजीव सिंह, इंस्पेक्टर सिविल लाइंस सुनील वर्मा पहले मौके पर और बाद में मेडिकल पहुंच गए। बाद में एसएसपी राजेश पांडेय भी वहां पहुंचे। सूचना पर रोते बिलखते परिजन भी पहुंच गए थे। माथे के रास्ते सिर में घुसी गोली निकालने के कई घंटे तक प्रयास किए गए। मगर अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण गोली निकालना संभव नहीं हुआ। छात्रा की हालत देर रात तक नाजुक बनी हुई थी और डॉक्टरों ने उसे दिल्ली एम्स रेफर कर दिया था।

एसएसपी राजेश पांडेय ने कहा कि अभी यह कहना बहुत जल्द बाजी होगा कि यह सीधे-सीधे रोडरेज की वारदात है। हो सकता है कि निशाना इनोवा चालक या खुद वैन चालक हो। चूंकि अभी प्रत्यक्षदर्शी जो बता रहे हैं, वही बात सामने आई है। सीसीटीवी फुटेज आदि की मदद ली जा रही है। घटना वाकई गंभीर है, जल्द ही आरोपियों को पकड़ा जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें