सिविल लाइन में कांठ रोड पर स्थित आईटीआई कैंपस में शुक्रवार को छात्रों के दो गुटों के बीच झगड़ा हो गया। दोनों पक्ष आमने सामने आ गए और फायरिंग की। इस दौरान वहां से जा रही आईटीआई की एक छात्रा के पेट में गोली लगी है, जो कि छूते हुए निकल गई है। छात्रा को विवेकानंद अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।
हरथला बाजार में रहने वाले संजीव व्यापारी हैं। उनकी बेटी तनु (18) कांठ रोड पर स्थित आईटीआई कालेज में अंतिम वर्ष की छात्रा है। जानकारी के मुताबिक, कैंपस में शुक्रवार को छात्रों के दो गुटों के बीच विवाद हो गया। इस दौरान उनमें मारपीट और फायरिंग भी हुई ।
वहां अफरा तफरी मच गई। फायरिंग के दौरान एक गोली वहां से गुजर रही छात्रा तनु के पेट में लग गई। छात्रा लहूलुहान होकर गिर गई, आरोपी भाग गए। घायल छात्रा को उपचार के लिए विवेकानंद अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। एसएचओ सिविल लाइन अजीत सिंह ने बताया कि छात्रा को गोली लगने की जानकारी मिली है, उसका उपचार चल रहा है। परिजनों की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
वारदात के बाद पुलिस ने कैंपस में जाकर अध्यापकों और प्रबंधक से पूछताछ की लेकिन हमलावर के बारे में जानकारी नहीं हो सकी है। अब पुलिस कालेज में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है, जिससे की आरोपी का पता चले।