बीवी सायरा बेगम के साथ मिलकर नेपाल और देश की पांच हजार से अधिक लड़कियों को जीबी रोड के कोठों पर नीलाम कर चुके आफाक बाकरी का गंदा धंधा सरहद पार तक फैला था। आफाक बाकरी सऊदी अरब में शेखों की मंडियों मे लड़कियों को नीलाम करता था। शेख फोटो देखकर लड़कियां पसंद करते थे और फिर आफाक को लड़कियों के साथ सऊदी अरब बुलाकर सौदेबाजी होती थी। अच्छी शक्ल सूरत वाली लड़कियों के लिए शेखों में बाकायदा बोली लगती थी।
बेलदार से अरबपति बना अमरोहा के कस्बा उझारी का आफाक बाकरी फ्रेश रिक्रूटमेंट को पहले शेखों की मंडी में नीलाम करता था। शेख को लड़की पसंद आने पर आफाक को मनमाफिक रकम मिल जाती थी। यही वजह थी कि अपने नेटवर्क में नई लड़कियां आते ही आफाक बाकरी पहले उनकी तस्वीरें व्हाट्सएप के जरिए शेखों के पास सऊदी अरब भेजता था। आफाक की कोशिश रहती थी कि कम उम्र की लड़कियों को किसी तरह उलझाकर जीबी रोड तक ले आए। आफाक ने दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच के सामने उगला है कि वह सौ से अधिक लड़कियों को सऊदी अरब में ले जाकर नीलाम कर चुका है।
सऊदी अरब में लड़कियां शेखों तक पहुंचाने का काम बिल्ली करता था। शेखों की मंडी में बाकायदा लड़कियों के लिए बोली लगाई जाती थी। आफाक ने उगला है कि उसने मासूम और लाचार लड़कियों को फंसाकर सीधे सऊदी अरब में ले जाकर बेच दिया। अब ये लड़कियां कहां हैं, खुद आफाक को भी नहीं मालूम। पुलिस आफाक से पूछताछ करके लड़कियों के बारे जुटा रही है ताकि उन्हें किसी तरह छुड़ाकर उनके घरों तक लाया जा सके।
संभल में पैवस्त हैं आफाक के सेक्स रैकेट की जड़ें
पांच हजार से अधिक लड़कियों को देह व्यापार की दलदल में ढकेलने वाले आफाक बाकरी के नेटवर्क की जड़ें संभल में भी कई मोहल्लों में पैवस्त हैं। संभल के तीन लोग उसके लिए एजेंट्स की तरह काम करते थे। आफाक के एजेंट्स लड़कियों को फिल्मों व सीरियलों में रोल दिलाने के बहाने फंसाकर जीबी रोड तक ले जाते थे। आफाक का लोकल नेटवर्क खंगालने के लिए दिल्ली पुलिस ने संभल में छापामारी की।
लड़कियों को फिल्मों व सीरियीलों में काम कराने के नाम पर गुमराह कर सेक्स रैकेट में फंसाने वाले आफाक बाकरी के कारनामे धीरे धीरे खुल कर सामने आ रहे हैं। उसका नेटवर्क दिल्ली से अमरोहा होते हुए संभल तक पहुंचा। आफाक ने पुलिस को बताया है कि मुरादाबाद, अमरोहा के साथ ही संभल में भी उसने अपने एजेंट्स को आगे करके प्रोडक्शन हाउस खोेले थे। मॉडल और एक्ट्रेस बनने का ख्वाब देखने वाली कई लड़कियों को आफाक ने संभल से अपने जाल में फंसाया। इनमें से कुछ सीधे जीबी रोड भेज दी गईं तो कुछ को आफाक ने कॉल गर्ल्स नेटवर्क का हिस्सा बना लिया। आफाक ने संभल में नेटवर्क बनाते हुए तीन युवकों को अपने साथ जोड़ लिया था। इसके बाद इन युवाओं के माध्यम से शहर के एक मुहल्ले में कार्यालय भी खोल लिया था।
जब कभी आफाक संभल में अपने प्रोडक्शन हाउस के कार्यालय पर आता था तो उस कार्यालय पर ऑडिशन के बहाने लड़कियाें की लाइन लग जाती थी। उसके आफिस में काले शीशे लगे थे जिससे बाहर से अंदर की गतिविधियां नजर नहीं आती थीं। दो माह तक चले इस कार्यालय से आफाक ने बीस से अधिक लड़कियों को जाल में फंसाया और फिर पुराना आफिस बंद कर दिया। आफाक से पूछताछ में मिली जानकारी के बाद दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने संभल में छापा मारकर उसके एजेंट्स को पकड़ने की कोशिश की लेकिन अपने आका की गिरफ्तारी के बाद से ही उसके एजेंट्स भूमिगत हो गए हैं।
बिल्ली का अमरोहा कनेक्शन खंगाल रही दिल्ली पुलिस
हाईप्रोफाइल सेक्स रैकेट के सरगना आफाक बाकरी की गिरफ्तारी के बाद से फरार चल रहे उसके दाएं हाथ सरफराज उर्फ बिल्ली की मुरादाबाद मंडल के कई अपराधियों से गहरी दोस्ती है। अमरोहा के कुछ बदमाश उसके संपर्क में रहे हैं। बिल्ली की तलाश में दिल्ली पुलिस ने अब अमरोहा पर फोकस कर दिया है। दिल्ली पुलिस को शक है कि बिल्ली अपने क्रिमिनल नेटवर्क के जरिए मुरादाबाद मंडल में कहीं पनाह ले सकता है।
सरफराज उर्फ बिल्ली आफाक बाकरी का दायां हाथ है। बाकरी व उसकी पत्नी सायरा बेगम के पकड़े जाने के बाद से वह फरार चल रहा है। जीबी रोड चलने वाले बाकरी के सभी कोठों का कामकाज बिल्ली ही संभालता था। ग्राहकों से झमेला होने पर बिल्ली की आफाक को मसल्स पावर उपलब्ध कराता था। दिल्ली ही नहीं बल्कि यूपी, बिहार के कई बदमाश कोठों पर अक्सर आते जाते थे, जिनसे बिल्ली के गहरे संबंध हो गए थे। मुरादाबाद, संभल व अमरोहा के कुछ बदमाश उसके संपर्क में थे। कई बदमाशों के गैंग में उसकी गहरी पैठ है।
इसलिए दिल्ली पुलिस को आशंका है कि उसको दिल्ली या यूपी के बदमाश साथियों ने छिपा रखा है। खासकर मुरादाबाद मंडल के अमरोहा के बदमाशों को लेकर पुलिस की नजरें तिरछी हैं। पुलिस के मुताबिक बिल्ली बाकरी का भरोसेमंद था। वह कई बार उझारी आ चुका है। बाकरी को घर छोड़ने के बाद वह अपने यार दोस्तों से मिलने निकल जाता था। कौन-कौन उसके दोस्त हैं, दिल्ली पुलिस उनको ढूंढने में जुट गई है।