पाकबड़ा-डींगरपुर मार्ग पर शनिवार रात कार सवार पांच बदमाशों ने परचून सामान से लदा कैंटर लूट लिया और चालक को बंधक बनाकर फेंक दिया। बदमाशों ने इस वारदात को रात करीब साढ़े दस बजे अंजाम दिया।
रविवार सुबह बंधक मुक्त होने के बाद चालक ग्रोथ सेंटर पुलिस चौकी पहुंचा और उसने वारदात की जानकारी पुलिस को दी। खबर मिलने पर आला अफसर मौके पर पहुंच गए। बदमाशों की तलाश की गई। लेकिन कोई सफलता नहीं मिल पाई। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। कैंटर में करीब दो लाख रुपये का सामान लदा था।
बुलंदशहर जिले के गुलावटी थानाक्षेत्र के भमरा गांव निवासी आजाद पुत्र मुर्तजा अली अपने कैंटर से हिंदुस्तान लीवर कंपनी का सामान सप्लाई करता है। शनिवार को उसने फैक्ट्री की पिलखुआ ब्रांच से बिलारी के कोलराम गुप्ता की एजेंसी का माल भरा था। माल भर वह बिलारी के लिए चल दिया।
पाकबड़ा डींगरपुर मार्ग पर ग्रोथ सेंटर पुलिस चौकी पार करते ही उसके पीछे एक वैगन आर कार लग गई थी। जैसे ही वह यूसुफपुर नगालिया गंाव के पास पहुंचा। इसी बीच वैगन आर कार ने ट्रक को ओवर टेक कर रुकवा लिया। शीशा तोड़कर बदमाश गाड़ी के अन्दर घुस गए। एक बदमाश वैगन आर कार में ही रहा।
बदमाशों ने कैंटर को अपने क ब्जे में ले लिया। आगे रसूलपुर के खेत में ले गए। यहां उसे बंधक बनाकर रखा। पीड़ित कैं टर चालक आजाद ने बताया कि उसके पास दो बदमाश रह गये थे। जबकि दो बदमाश आयसर कैंटर गाड़ी को ले गए। चार पांच घंटों के बाद बाकी बदमाश आए और उसे वहीं पर हाथ पैर बांध कर छोड़कर चले गए।
सुबह करीब सात बजे आजाद ग्रोथ सेंटर पुलिस चौकी पर पहुंचा और मामले की सूचना पुलिस दी। लूट की इस वारदात से हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर एसपी सिटी डा. राम सुरेश यादव, सीओ हाइवे, सीओ बिलारी, मैनाठेर और पाकबड़ा से पुलिस बल पहुंच गया। पीड़ित चालक से पूछताछ की।
इसके बाद पाकबड़ा पुलिस ने एसएसपी नितिन तिवारी के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। जबकि पुलिस की तीन टीमों को इस मामले के खुलासे के लिए लगा दी गई हैं। इंस्पेक्टर पाकबड़ा ने बताया कि केस दर्ज कर लिया है।