फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जहरीली शराब से एक ग्रामीण की मौत, तीन की हालत बिगड़ी

Thu, 18 Aug 2016 11:31 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला/मुरादाबाद
विज्ञापन
अपराध - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
 बिलारी थानाक्षेत्र के विजयपुर गांव में जहरीली शराब पीने से एक ग्रामीण की मौत हो गई। जबकि तीन लोगों की हालत बिगड़ गई। आंखाें से कम दिखाई देने पर उन्हें जिला अस्पताल भर्ती कराया है। शराब पीने से एक ग्रामीण की मौत की खबर से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शराब विक्रेता के घर से सामान व थिनर बरामद किया है।  
विज्ञापन


पुलिस के मुताबिक सोमवार शाम विजयपुर गांव में भंडारे का आयोजन था। गांव के ही बद्रीप्रसाद (40) के घर में रामसेवक यादव (50), सत्यपाल सिंह (40) और ऋषिपाल सिंह (30) ने एक साथ शराब पी थी। ग्रामीणाें की ओर से तीनों ने जो शराब पी थी उसकी थैलियां पास के अकरौली गांव की देशी शराब की दुकान से लाकर इनमें एक अन्य नशीला तरल पदार्थ(थिनर) मिलाया गया था।

नशा होने पर तीनों ग्रामीण बद्रीप्रसाद के घर से चले गए। मंगलवार शाम से चारों की हालत बिगड़नी शुरू हो गई। रामसेवक को दिखाई देना बंद हो गया और वह उल्टियां करने लगा। उसे चंदौसी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
विज्ञापन


गंभीर हालत में उसे मुरादाबाद लाया गया। लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। जहरीली शराब पीने से सत्यपाल, ऋषिपाल और बद्रीप्रसाद की हालत भी बिगड़ने लगी। सत्यपाल और ऋषिपाल को जिला अस्पताल में मुरादाबाद भेज दिया गया। जहरीली शराब पीने से रामसेवक की मौत की सूचना पर ग्रामीणों में खलबली मच गई। बाद में पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

वहीं रामसेवक की पत्नी रवेंद्री देवी ने बद्री प्रसाद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसके बाद कोतवाली पुलिस ने आरोपी बद्रीप्रसाद के घर से बरामद थिनर का नमूना जांच के लिए प्रयोगशाला को भेजा है। 

आरोपी के घर से थिनर की बोतलें बरामद 
बिलारी। कोतवाली पुलिस को आरोपी बद्रीप्रसाद के घर की तलाशी में थिनर की तीन बोतल और करीब 40 देशी शराब के खाली पव्वा बरामद हुए। कोतवाली प्रभारी प्रदीप यादव के मुताबिक थिनर की जो तीन बोतलें मिलीं उन पर बूट पॉलिश की मोहर लगी हुई थी और जो खाली पैक मिले वह भी छपे हुए थे। अनुमान लगाया जा रहा है कि तरल पदार्थ थिनर की मदद से शराब बनाई जा रही थी। 

सीएमओ ने बिलारी अस्पताल आकर जुटाई जानकारी
बिलारी। मुख्य चिकित्साधिकारी डा. संजीव यादव और डिप्टी सीएमओ डा. रंजन गौतम ने बुधवार दोपहर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आकर विजयपुर की घटना से संबंधित जानकारी जुटाई। सीएमओ ने बताया कि नकली शराब का सेवन करने वाले को मिथाइल स्प्रिट के असर से दिखना बंद हो जाता है। कहा कि फिलहाल उन्हाेंने 102 और 108 एंबुलेंस सेवा के अधीक्षक को फोन करके सतर्क कर दिया है कि दोनों सेवाएं हर हाल में बिलारी अस्पताल में मौजूद रहें।

जिला अस्पताल पहुंचे डीआईजी
मुरादाबाद। जहरीली शराब से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है। एसएसपी नितिन तिवारी और एसपी देहात गांव पहुंचीं। उन्होंने ग्रामीणों से बात की। जबकि डीआईजी ओंकार सिंह जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने ऋषिपाल और सतपाल से बात की और पूरा घटना क्रम समझा। इसके बाद उन्होंने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। शराब बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। 
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें