बुद्धि विहार में डेयरी संचालक के साथ हुई सवा लाख रुपये की लूट की स्क्रिप्ट डेयरी के बगल में दुकान पर नौकरी करने वाले विजय सैनी ने लिखी थी। 26 अप्रैल को उसकी बहन की शादी है। शादी का खर्च उठाने के लिए विजय सैनी ने पड़ोसी डेयरी संचालक को लूटने की योजना बनाई।
विजय को पता था कि डेयरी संचालक हर रोज चार - पांच लाख रुपये कैश लेकर जाता है। बदमाश विक्की से पूछताछ के बाद लूट की पटकथा लिखने वाले विजय और उसके तीन साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया है।
एसएसपी नितिन तिवारी और एसपी सिटी डा. राम सुरेश यादव ने रविवार को प्रेस कांफ्रेंस करके डेयरी संचालक के साथ हुई लूट की घटना में शामिल गैंग का पर्दाफाश किया। दरअसल बुद्धि विहार निवासी डेयरी संचालक महेश कुमार शर्मा की आंखों में मिर्च झोंककर शनिवार दोपहर करीब बारह बजे बाइक सवार तीन बदमाशों ने 1.25 लाख रुपये लूट लिए थे।
लेकिन भीड़ ने एक लुटेरे को पकड़ लिया था और कैश भी बरामद हो गया था। पूछताछ में उसने अपना नाम पता विक्की सिंह निवासी सेमरटोला थाना चंदौसी (संभल) बताया था। विक्की ने बताया कि लूट की पटकथा डेयरी संचालक के पड़ोस में काम करने वाले विजय सैनी निवासी सिरकोई भूड़ ने लिखी थी।
विजय ने ही विक्की और उसके साथियों मुकेश कश्यप निवासी लाइनपार, शिवा चौहान उर्फ गिट्टू निवासी समदा मानपुर भगतपुर और सौरभ शर्मा उर्फ अंकित शर्मा निवासी खलीलपुर स्यौहारा बिजनौर को घटना में शामिल किया था। विजय ने बाकी चारों को बताया था कि महेश शर्मा रोजाना 4-5 लाख रुपये कैश ले जाता है।
उसने संचालक की शक्ल दिखाई और टाइमिंग के बारे में बताया। उसकी शर्त थी कि वह वारदात में शामिल नहीं होगा लेकिन 26 को उसकी बहन की शादी है लिहाजा लूटी गई रकम में एक हिस्सा उसका भी होगा। पाकबड़ा, मझोला और कटघर की छह घटनाएं भी गैंग ने कबूल की हैं।