कटघर थानाक्षेत्र में मानवता को झकझोर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां जन्म लेते ही एक बच्ची की पत्थर पर पटक कर हत्या कर दी गई। हत्यारे उसका शव रामगंगा नदी किनारे फेंककर चले गए। शनिवार शाम जब कुछ लोग नदी किनारे पहुंचे तो वारदात का खुलासा हुआ।
रविवार दोपहर बाद आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बच्ची का शव करीब दो दिन पुराना बताया गया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि बच्ची के सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हुई है। उसे सिर के बल पत्थर पर पटककर मारा गया है।
घटना कटघर थानाक्षेत्र के पीपल बस्ती के पास रामगंगा किनारे की है। शनिवार शाम यहां पत्थरों के बीच में एक बच्ची का शव पड़ा मिला। शव को कुत्ते बुरी तरह से नोंच रहे थे। लोगों ने किसी तरह कुत्तों को पत्थर मारकर वहां से भगाया। जानकारी होने पर कुछ ही देर में भीड़ जुट गई।
पीतल बस्ती कमला विहार निवासी अधिवक्ता छत्रपाल सिंह ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। खबर मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पुलिस का कहना है कि इस बच्ची के कातिल अपने ही होंगे।
अगर गैर होते तो बच्ची की गुमशुदगी जरूर किसी थाने में दर्ज होती। कटघर सीओ महेश कुमार ने बताया कि जांच की जा रही है, जल्द घटना का खुलासा किया जाएगा। मासूम बच्ची के हत्यारे को बख्शा नहीं जाएगा।
पहले भी मिल चुके हैं नवजात बच्चों के शव
तमाम कोशिशों के बाद भी समाज के बीच बैठे कुछ लोगों की दकियानूसी सोच में अब भी बदलाव नहीं आ रहा है। वह आज भी लड़की लड़के को एक समान मानने को तैयार नहीं हैं। कुछ दिन पहले की बात है। लोकोशेड पुल के पास एक बच्ची की लाश मिली थी।
जिसे गला घोंटकर मौत के घाट उतार दिया गया था। इसके अलावा जयंतीपुर में भी एक बच्ची को लावारिस हालत में फेंक दिया गया था। खुले आसमान के नीचे रात भर पड़ी रही बच्ची की सुबह होने से पहले ही मौत हो गई थी। गलशहीद क्षेत्र में भी एक नवजात बच्चे का शव मिला था।