जजेज कंपाउंड कालोनी में शुक्रवार दोपहर एक सिपाही ने खुद को गोली मार कर आत्महत्या का प्रयास किया। सिपाही कंपाउंड कालोनी में ड्यूटी पर तैनात था। इसी दौरान उसने थ्री नॉट थ्री की रायफल से अपने सीने में गोली दाग ली।
फायर की आवाज सुनकर साथी सिपाही जाग गया। खबर मिलने पर पुलिस पहुंच गई और घायल सिपाही को कॉसमॉस अस्पताल भिजवा दिया। जहां से उसकी हालत गंभीर होने पर दिल्ली रेफर कर दिया गया। देर रात उसका ऑपरेशन हो गया।
डीआईजी और एसएसपी ने मौका मुआयना किया। उन्होंने साथी सिपाहियों से पूछताछ की। जबकि फोरेंसिक टीम ने भी मौके से सैंपल लिए। आत्मघाती कदम उठाने वाला सिपाही आदेश कुमार (28) बलवीर सिंह गाजियाबाद जिले के कविनगर थानाक्षेत्र के रजापुर निवासी है।
उसका भाई रविंद्र कुमार एटीएस में तैनात है। जबकि छोटा भाई अजीत कुमार पढ़ाई कर रहा है। आदेश कुमार 2011 में पुलिस विभाग में सिपाही पद पर तैनात हुआ था। आदेश की तैनाती मुरादाबाद पुलिस लाइन में है। करीब एक साल से वह जिला जल कंपाउंड कालोनी की गार्द में ड्यूटी दे रहा था।
आदेश के अलावा जज कंपाउंड में सिपाही विनय पंवार पुत्र हरपाल सिंह पंवार निवासी जवाहर नगर जिला शामली की भी ड्यूटी चल रही है। जज कंपाउंड कालोनी के आवास में दोनों सिपाहियों के अलावा सिपाही अंकित कुमार पुत्र किशन पाल निवासी हापुड भी रहता है।
अंकित कुमार राघव की ड्यूटी खनन अधिकारी के साथ चल रही है। शुक्रवार दोपहर करीब बारह बजे विनय पंवार खाना खाने के लिए चला गया और सिपाही अंकित सो रह था। जबकि आदेश ड्यूटी पर था। इसी दौरान आदेश ने अपने सीने में गोली मार ली और वह नीचे गिर गया।
फायरिंग की आवास सुनकर अंकित जाग गया। उसने कॉल कर विनय को बुलाया। इसके अलावा पुलिस लाइन के आरआई व अन्य अधिकारियों को सूचना दी। जज कंपाउंड में इस घटना से हड़कंप मच गया। खबर मिलने पर अधिकारी पहुंच गए।
उन्होंने तुरंत सिपाही को कॉसमॉस अस्पताल भिजवा दिया। जहां से उसे दिल्ली रेफर कर दिया गया। एसएसपी डीसी दुब मौके पर पहुंच गए और उन्होंने विधि विज्ञान की टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने मौके से सैंपल लिए। इसके अलावा आस पड़ोस के आवास में रहने वाले परिवारों से भी पूछताछ की गई।