निकाय चुनाव की वजह से शहर में आदर्श आचार संहिता लागू की गई है, ताकि शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव को संपन्न कराया जा सके। लाइसेंसी असलाहधारियों को अपने असलहे थानों और गन हाउस में जमा कराने के लिए कहा गया है लेकिन इस दौरान अवैध हथियार लेकर भी शहर में कुछ लोग घूम रहे हैं, जो चुनाव में अशांति पैदा कर सकते है।
एसपी ट्रैफिक और चुनाव प्रभारी सतीश चंद्र ने बताया कि अवैध हथियार लेकर जनपद में घूमने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं, जगह जगह पर चेकिंग की जा रही है। इसी क्रम में आचार संहिता लागू होने के बाद अब तक 51 अवैध हथियार बरामद किए गए हैं, अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
अवैध हथियार के साथ जो भी व्यक्ति पुलिस चेकिंग के दौरान पकड़ा जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
शहर में अवैध शराब के खिलाफ भी अभियान
निकाय चुनाव के मद्देनजर अवैध शराब के खिलाफ भी अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत अब तक करीब पांच हजार लीटर अवैध शराब बरामद की गई हैं। पुलिस को अंदेशा है कि मतदाताओं को लुभाने के लिए अवैध शराब उनको परोसी जा सकती है, एसपी ट्रैफिक ने बताया कि पकड़ी गई ज्यादातर शराब देशी है।