योगी सरकार के निर्देश पर चलाए जा रहे नारी सुरक्षा सप्ताह कार्यक्रम का असर दिखने लगा है। अब बड़ी संख्या में छात्राएं जागरूक होकर शक्ति परी बनने का तैयार हैं। छेड़खानी पीड़ित छात्राएं भी मनचलों को सबक सिखाने के लिए फार्म भरकर शक्ति परी बनने को तैयार हैं, अब तक पांच सौ छात्राएं शक्ति परी बनने के लिए फार्म भर चुकी हैं।
मामला एक
सिविल लाइन में रहने वाली दसवीं की छात्रा का आरोप था कि उसे मोहल्ले के चार युवक परेशान करते हैं। उसने इसकी शिकायत पुलिस से की। बृहस्पतिवार को वह एसएसपी कार्यालय पहुंची तो उसे नारी सुरक्षा सप्ताह के बारे में जानकारी देते हुए एसपी देहात ने शक्ति परी बनने को जागरूक किया। छात्रा ने शक्ति परी बनने के लिए फार्म भरा और आसपास की युवतियों, महिलाओं की परेशानी के वक्त मदद का आश्वासन एसपी को दिया है।
मामला दो
मझोला थानाक्षेत्र में रहने वाली 12वीं की छात्रा ने बताया कि उसे स्कूल से घर जाते वक्त कुछ लड़के परेशान करते हैं, न केवल उसे बल्कि उसकी सहेलियों पर भी आपत्तिजनक फब्तियां कसते हैं। नारी सुरक्षा सप्ताह के कार्यक्रम के दौरान छात्रा को महिला हेल्पलाइन नंबर 1090 और शक्ति परी बनने के बारे में जानकारी हुई तो वह शक्ति परी बनने को तैयार हो गई।
बयान
‘ नारी सुरक्षा सप्ताह कार्यक्रम के तहत छात्राओं को जागरूक करने का कार्य किया जा रहा है। इस दौरान युवतियों, किशोरियों, महिलाओं से अपील की जा रही है कि वह अपने साथ हो रहे दुर्व्यवहार को बर्दाश्त न करें। इसके खिलाफ आवाज उठाएं। युवतियों से शक्ति परी बनकर न केवल अपनी बल्कि आसपास के लोगों की सुरक्षा में पुलिस का सहयोग करें। पांच सौ से अधिक छात्राओं को शक्ति परी बनने के लिए फार्म दिए जा चुके हैं, छात्राएं शक्ति परी बन रही हैं।’
डॉ. प्रीतिंदर सिंह, एसएसपी