खुफिया एजेंसियों ने मंडल में आईएसजेके के आतंकी परवेज राशिद का नेटवर्क खंगालना शुरू कर दिया है। परवेज का मुरादाबाद में आउटर पर बसी छोटी - छोटी बस्तियों में खासा आना - जाना था। संभल में भी उसके कई ठिकानों के बारे में एजेंसियों को जानकारी हाथ लगी है। खुफिया एजेंसियों को पुख्ता जानकारी हाथ लगी हैं कि वह मंडल में आतंकी संगठन के लिए स्लीपिंग मॉड्यूल्स का पूरा नेटवर्क खड़ा करने में लगा था। एजेंसियां अब उसे पनाह देने वालों से पूछताछ करने में जुटी हैं।
दिल्ली पुलिस की स्पेशल ब्रांच के हाथ लगे आतंकी परवेज राशिद और जमशेद अमरोहा से हथियार लेकर दिल्ली जा रहे थे। आतंकी संगठन आईएसजेके से जुड़े दोनों आतंकियों ने अमरोहा में काफी वक्त गुजारा है। परवेज ने गजरौला स्थित वेंकटेश्वर यूनिवर्सिटी से बीटेक की पढ़ाई की तो दूसरे आतंकी जमशेद का भी अमरोहा और संभल से करीबी नाता उजागर हुआ है। सूत्रों के मुताबिक परवेज ने अमरोहा, मुरादाबाद, संभल और बिजनौर में आतंकी संगठन के लिए नेटवर्क खड़ा किया। ऐसे कई लोगों को एजेंसियों ने चिन्हित किया है जो उसके लगातार संपर्क में थे। इनसे बारी - बारी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधीक्षक क्षेत्रीय अभिसूचना जुगल किशोर ने मामले को गोपनीय बताकर परवेज के नेटवर्क के बारे में बताने से इंकार कर दिया अलबत्ता उन्होंने कहा कि जो भी तथ्य हाथ लग रहे हैं उनसे संबंधित एजेंसियों को गृह मंत्रालय को अवगत कराया जा रहा है। उन्होंने स्वीकार किया कि मुरादाबाद में भी परवेज का नेटवर्क था। उसे पनाह देने वालों को चिन्हित करने की कार्रवाई की जा रही है।