पांच साल की मासूम तारा को घर में ही जिंदा दफना दिए जाने की सनसनीखेज वारदात के बाद इस मामले में डीजीपी कार्यालय से नजर रखी जा रही थी। लगातार इस मामले में जानकारियां जिले के पुलिस अधिकारियाें से मांगी गई थी। मंगलवार को खुलासे की जानकारी भी डीजीपी कार्यालय को दी गई है।
आखिर कौन था वह तांत्रिक
मुरादाबाद। तारा की दादी भूरी और मां मोनी उर्फ मीना ने कबूल किया है कि तांत्रिक के कहने पर उन्होंने तारा को घर में जिंदा दफनाया था लेकिन वह तांत्रिक कौन है और कहां का रहने वाला है? यह जानकारी नहीं दे सके हैं। उन्होंने बताया कि तांत्रिक कचहरी पर भूरी को मिला था। ऐसे में इस तांत्रिक को पकड़ पाना पुलिस के लिए बहुत मुश्किल है। तांत्रिक को अब तक की जांच में पुलिस ने आरोपी भी नहीं बनाया गया है।
वारदात से गांव में दहशत का माहौल
मुरादाबाद। तारा हत्याकांड का पर्दाफाश पुलिस ने कर दिया है लेकिन इस वारदात के बाद गांव में दहशत का माहौल है। बच्चे डरे, सहमे हुए हैं। लोग यह सोचकर हैरत में हैं कि पांच साल की मासूम के साथ इस तरह की निर्दयता कैसे की जा सकती है? तारा की हत्या में आरोपी दादी की उम्र करीब 70 साल है।