- डिलारी के ढकिया जट में 17 जून को हुई थी दो पक्षों में मारपीट
अमर उजाला ब्यूरो
मुरादाबाद। जिला अस्पताल में मेडिकल कराने आए मारपीट के घायल को दूसरे पक्ष के लोगों ने घेर लिया। उसके साथ मारपीट की तो हंगामा हो गया। घायल के परिजन भी आ गए। इस दौरान तमंचे से फायरिंग की गई। जिससे अस्पताल में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंच गई और तीन लोगों को पकड़ कर थाने ले गई।
डिलारी थानाक्षेत्र के ढकिया जट निवासी मो. हनीफ और भूरी के परिवार रहते हैं। 17 जून को दोनों परिवारों के बीच मारपीट हो गई थी। जिसमें भूरी ने दूसरे पक्ष के नसीम, गामा हसन, मो. उमर, आसेकीम, सलीम, मो. अली, मतीन, प्यारे और मो. अकरम के खिलाफ केस दर्ज कराया था। जबकि दूसरे पक्ष से मो. हनीफ ने इरशाद, उमर, मोहसीन, रियाज, रईस, बाबू, गुड्डू, अजीम, नन्हें नजीम, मो. शफी के खिलाफ केस दर्ज कराया था।
मंगलवार को घायल इरशाद जिला अस्पताल में मेडिकल कराने पहुंचा था। इसी दौरान वहां दूसरे पक्ष के लोग भी पहुंच गए। उन्होंने इरशाद को घेर लिया। उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर शराबा होने पर इरशाद के पक्ष के लोग भी जुट गए। इस दौरान तमंचे से फायर भी किया गया। जिससे अस्पताल में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर यूपी डायल 100 की गाड़ी पहुंच गई और पुलिस इरशाद, शराफत व मतीन को पकड़कर थाने ले गई। खबर मिलने पर डिलारी थाने की पुलिस भी आ गए और तीनों को अपने साथ ले गई। सिविल लाइंस इंस्पेक्टर आरपी सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों ने डिलारी थाने में एक दूसरे के खिलाफ दर्ज करा रखे हैं। डिलारी पुलिस तीनों आरोपियों को अपने साथ ले गई है।