होटल मानसरोवर पैराडाइज में दसवीं की छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पीड़ित परिवार को जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। इस संबंध में पीड़ित परिवार ने मुख्यमंत्री को संबोधित करते हुए एक पत्र एसएसपी कार्र्यालय में दिया है। जिसमें पुलिस सुरक्षा की गुहार लगाने के साथ-साथ इस साजिश में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। आरोप है कि पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी में ढील बरत रही है।
छात्रा के पिता ने बताया कि गैंगरेप के मामले में पुलिस ने सिपाही देवेंद्र और उसके दोस्त विवेक को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। वारदात को करीब दस दिन से अधिक का समय बीत चुका है लेकिन अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं किए जाने से उनके हौसले बुलंद हैं। आरोप है कि 31 जुलाई की रात को दस बजे उनके घर की छत पर 4 - 5 लोगों के कूदने की आवाज आई। एक व्यक्ति ने उनके घर के मुख्य दरवाजे को बाहर से बंद कर दिया। आरोप है कि पीड़ित परिवार को धमकी दी कि गई कि मुकदमा वापस ले लें। ऐसा न करने पर परिवार के सभी लोगों को जान से मारने की धमकी दी गई है। उस वक्त घर पर दुष्कर्म पीड़ित छात्रा उसकी मां और पिता थे। मामले की जानकारी छात्रा ने अपनी बड़ी बहन को दी। उन्होंने रेल चौकी इंचार्ज रतनेश और गैंगरेप के मामले की जांच अधिकारी महिला थाना प्रभारी से शिकायत की। चौकी इंचार्ज मौके पर पहुंचे तो आरोपी पहले ही वहां से भाग चुके थे। चौकी इंचार्ज का कहना है कि वहां कोई आरोपी नही मिला था।
बदमाशों की आहट होते ही भौंकने लगे थे डॉगी
मुरादाबाद। पीड़ित परिवार घर में खुद को कैद कर रखता है। उन्होंने घर में तीन डॉगी पाल रखे हैं। 31 जुलाई को जब बदमाश घर पर आए थे तो डॉगी भौंकने लगे थे। इसके बाद ही वह लोग भी सतर्क हो गए थे। घर के दरवाजे अंदर से बंद कर लिए थे। जिससे की कोई व्यक्ति घर के अंदर न घुस सके। तीन दिन से पीड़िता और उसका परिवार दहशत में है। उनका कहना है कि घर से अकेले बाहर निकलने में भी डर लग रहा है।
साक्ष्य मिलने पर होगी संदिग्धों की गिरफ्तारी: जांच अधिकारी
मुरादाबाद। गैंगरेप के मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी न करने के आरोप पर जवाब देते हुए जांच अधिकारी महिला थाने की एसएचओ रजनी द्विवेदी का कहना है कि अब तक की जांच में वांछित आरोपी कोई नहीं है। धमकी की शिकायत भी मुझसे नहीं की गई। साजिश में कुछ लोगों के शामिल होने के आरोप हैं। उनके बारे में और जांच की जा रही है। साक्ष्य मिलने पर संदिग्धों की गिरफ्तारी की जाएगी।
पुलिस करेगी पीड़ित परिवार की सुरक्षा: एसएसपी
मुरादाबाद। एसएसपी जे रविंद्र गौड ने बताया कि धमकी देने के मामले में जांच करवाई जाएगी। आरोप सही पाए जाने पर कार्रवाई होगी। पीड़ित परिवार को डरने की जरूरत नही है। पुलिस की ओर से उनको सुरक्षा प्रदान की जाएगी। इसके लिए सीओ सिविल लाइन को निर्देशित किया है। अगर पीड़ित परिवार चाहेगा तो महिला पुलिस को भी सुरक्षा के मद्देनजर उनके घर पर तैनात किया जाएगा।