कोतवाली क्षेत्र के बुधबाजार स्थित न्यू जिमी टाईम्स के शोरूम से चोरों ने दस लाख रुपये की नकदी समेत चालीस लाख रुपये का सामान चोरी कर लिया। शोरूम के पीछे से चोर एसी विंडो की ग्रिल तोड़कर अंदर घुसे और माल बटोर कर फरार हो गए। इस वारदात से व्यापारियों और दुकानदारों में दहशत है। पुलिस ने शोरूम स्वामी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जीएमडी रोड स्थित कुमार कुंज निवासी विजय कुमार भंडूला का बुधबाजार में न्यू जिमी टाईम्स से घड़ी और मोबाइल का शोरूम है। शोरूम में तकरीबन तीस कर्मचारी हैं। विजय कुमार ने बताया कि रोज की तरह शुक्रवार रात करीब साढ़े नौ बजे शोरूम बंद करा दिया था। शोरूम के पीछे राजन होटल की पार्क़िग है। चोरों ने पार्किंग की ओर से विजय कुमार के केबिन का एसी विंडो तोड़ दिया।
इसके बाद चोर अंदर घुस गए। चोरों ने विजय कुमार के केबिन में रखी अलमारी का लॉकर तोड़कर दस लाख रुपये की नकदी तोड़ दी। केबिन से चोर अंदर शोरूम में घुस गए। यहां से चोरों ने राडो और टिसॉट कंपनी की महंगी घड़ियां व मल्टीमीडिया मोबाइल बटोर लिए। इसके बाद चोर उसे विंडो से बाहर निकल गए। विजय कुमार ने बताया कि शनिवार सुबह सवा दस बजे उनके बेटे मधुर ने शोरूम खुलवाया।
उन्होंने देखा कि शोरूम में सामान बिखरा पड़ा है। शुरुआत में उन्होंने सोचा शायद चूहे ने सामान गिरा दिया है। लेकिन जब उन्होंने एसी का विंडो टूटा देखा तो उनके होश उड़ गए। सूचना देकर अपने पिता को बुला लिया। इसके बाद कर्मचारी भी पहुंच गए। एसपी सिटी राम सुरेश यादव और एसएसआई राधेश्याम भी पहुंच गए। विजय कुमार से घटना की जानकारी ली। इसके बाद शोरूम के पीछे से जाकर वह जगह भी देखी जहां से चोर अंदर घुसे थे। कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।