हसनपुर (अमरोहा)। कोतवाली क्षेत्र के गांव जयतौली में अपने ही घर में फंदे से लटके मिले शिक्षामित्र की मौत दम घुटने से हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसका खुलासा हुआ है। हालांकि पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है।
गांव जयतौली निवासी शिक्षामित्र प्रेम कुमार (35) का शव 29 अक्तूबर की रात उसके ही घर के कमरे में फंदे पर लटका मिला था। परिजन आत्महत्या मानते हुए शव का अंतिम संस्कार करने की तैयारी कर रहे थे। लेकिन ऐन मौके पर पुलिस ने पहुंचकर परिजनों को शव का अंतिम संस्कार करने से रोक दिया था। पुलिस ने शव कब्जे में लेेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। उसी कमरे से पुलिस को एक पर्चा भी मिला है। जिसे सुसाइड नोट बताया जा रहा है। लेकिन उसमें मरने की वजह नहीं लिखी हुई थी। प्रभारी निरीक्षक संजय प्रताप सिंह ने बताया कि पीएम रिपोर्ट में मरने की वजह एसफेक्सिया आया है। उसकी मौत दम घुटने से हुई है। कई बिंदुओं पर जांच की जा रही है। वहीं सीएचसी चिकित्साधीक्षक डा. देवीदास के मुताबिक एसफेक्सिया का मतलब मौत दम घुटने से हुई। उन्होंने बताया कि यदि व्यक्ति स्वयं फंदे पर लटके तो ज्यादातर मामलों में पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैंगिंग आता है।