देशद्रोह के आरोपी कश्मीरी रफी फारूख के मोबाइल की कॉल डिटेल में दस संदिग्ध नंबर मिले हैं। चौबीस घंटे से पुलिस इन नंबरों को फिल्टर कर तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। इसके अलावा पुलिस ने उमर शेख के बारे मेें भी कुछ और जानकारियां जुटाईं हैं। उनमें उमर शेख भी कश्मीर का रहने वाला है और वह दिल्ली में रहकर पढ़ाई कर रहा है। जल्द ही पुलिस उससे भी पूछताछ करेगी।
सीओ सिविल लाइंस राजेश कुमार ने बताया कि सिविल लाइंस थाने में मुजस्सम गनी और कश्मीर निवासी रफी फारूख के खिलाफ देशद्रोह का केस दर्ज है। पुलिस ने आरोपी मुजस्सम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। जबकि कश्मीरी छात्र भाग गया था। दस से उन्नीस फरवरी के बीच की कॉल डिटेल निकलवाई थी। जिससे पता चला था कि उसने नौ दिन में 736 कॉल की थी। इनमें से सबसे ज्यादा क़ॉल उमर शेख से की हैं। उमर शेख कश्मीर निवासी है। वह दिल्ली में रह कर पढ़ाई कर रहा है। देशद्रोह का आरोपी मुरादाबाद से भागकर उमर शेख के पास ही रुका था। यहां दो दिन रुकने के बाद वह कश्मीर भाग गया था। सीओ ने बताया कि रफी फारूख के मोबाइल डिटेल से दस संदिग्ध नंबर मिले हैं। इन नंबरों को फिल्टर किया जा रहा है।