गोमांस का खौफ दिखाकर जांच के नाम पर रिश्वत लेने के आरोपी महिला पशु चिकित्सक के खिलाफ गुरुवार को जांच पूरी हो गई है। जांच टीम ने अपनी रिपोर्ट मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को सौंप दी है। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी शुक्रवार को आख्या के साथ रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपेंगे। इसके बाद ही आरोपी चिकित्सक के खिलाफ कार्यवाही की संस्तुति होगी।
मूंढापांडे ब्लाक के दलपतपुर में तैनात पशु चिकित्सक डा. सुमन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से खलबली मची है। वीडियो में गोमांस जांच के नाम पर रिश्वत लेते दिख रही है। जिलाधिकारी ने वीडियो की जांच के लिए उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी के नेतृत्व में तीन सदस्यीय टीम गठित की थी। टीम ने गुरुवार को जांच पूरी कर ली है। इसमें आरोपी डाक्टर, एक जनप्रतिनिधि और वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों के बयान दर्ज किए गए हैं। जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि टीम ने जांच रिपोर्ट मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को सौंप दी है। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी शुक्रवार को पूरी आख्या के साथ रिपोर्ट उन्हें देंगे। इसके बाद ही आरोपी डाक्टर के खिलाफ कार्यवाही की संस्तुति हो सकेगी।
वीडियो वायरल करने वाले भी जांच के दायरे में
गोमांस की जांच के नाम पर डाक्टर सुमन से पैसे के लेनदेन का वीडियो बनाने और वायरल करने वाले भी जांच के दायरे में आ गए हैं। वायरल वीडियो को लेकर कई तरह की चर्चाएं हैं।
पेंशन के लिए आधार कार्ड लिंक अनिवार्य
मुरादाबाद। जिला दिव्यांगजन सशक्तिरकण अधिकारी अभय कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि दिव्यांग पेंशन के लाभार्थियों को पेंशन खाते आधार कार्ड से लिंक कराना अनिवार्य है। लाभार्थियों के मोबाइल नंबर भी दर्ज कराए जा रहे हैं ताकि, पेंशन का एसएमएस उन तक पहुंच सके। उन्होंने कहा कि लाभार्थी सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक कार्यालय में मोबाइल और आधार कार्ड नंबर दर्ज कराएं।
पांच जनवरी को होंगे साक्षात्कार
मुरादाबाद। एक जनपद एक उत्पाद कार्यक्रम के अंतर्गत वित्त पोषण सहायता योजना में आवेदन करने वालों की पांच जनवरी को साक्षात्कार होंगे। उद्योग विभाग के उपायुक्त देशराज गौतम ने बताया कि ओडीओपी उत्पादों की विधाओं में कुशल कारीगरों के लिए यह योजना है। इसमें तीन दिसंबर तक आवेदन मांगे गए थे। पांच जनवरी को उद्योग विभाग के संयुक्त आयुक्त कार्यालय में साक्षात्कार होंगे। आवेदनकर्ताओं को अपने मूल प्रमाण पत्र लाने होंगे।