खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सोमवार शाम को छापामारी कर डेढ़ लाख से ज्यादा का सामान जब्त कर लिया। इसको बिक्री के लिए ले जाया जा रहा था। शुरूआती जांच में अफसरों को खाद्य तेल व मसाले मिलावटी होने का संदेश है। यह सामान सैंपल की जांच रिपोर्ट आने तक जब्त रहेगा।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अफसरों को सूचना मिली थी कि बड़े स्तर पर मिलावटी खाद्य तेल और मसालों की बिक्री की जा रही है। इसके चलते अभिहीत अधिकारी विनोद कुमार सिंह टीम लेकर छापामारी करने पहुंचे। दोपहर में मंडी समिति रोड असालतपुरा पर छापामारी की गई। यहां पर शाह आलम के प्रतिष्ठान क्यू ए ट्रेडिंग कंपनी पर मसालों की जांच की गई। टीम को 20 किलो पीली मिर्च का पाउडर, 11 किलो चाट मसाला और 10 किलो हल्दी पाउडर को जब्त कर सैंपल लिए गए।
उसके बाद शाम को टीम कुंदरकी पहुंची। वहां पर मोहम्मद शकील के प्रतिष्ठान से 445 लीटर पामोलिव तेल और 960 लीटर सरसों का तेल बरामद किया। भौतिक परीक्षण में मिलावट की पुष्टि होने के बाद टीम ने सैंपल लेकर तेल व रिफाइंड को जब्त कर लिया। सैंपल जांच को स्टेट लैब भेजे जा रहे हैं। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी वीरेशपाल, हिमांशु सिंह और शाहबुद्दीन दोस्त शामिल रहे।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी महेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि सरसों का तेल और रिफाइंड देखने में मिलावटी लग रहा है। मसालों के मिलावटी होे का संदेह है। इसके चलते सामान को जब्त कर सैंपल जांच को भेजे जा रहा है। उक्त सामान डेढ़ लाख रुपये से ज्यादा का है।