मझोला क्षेत्र की एक किशोरी ने अपने साथ हुई छेड़खानी की शिकायत पुलिस से कर आरोपी को गिरफ्तार करवा दिया, इसके बावजूद जमानत पर छूटे आरोपी ने पीड़िता से दुष्कर्म किया, उसका वीडियो बनाकर सार्वजनिक करने की धमकी दी। आरोपी के खौफ से पीड़ित परिवार को अपना घर छोड़ना पड़ा, पीड़िता को पढ़ाई तक बंद कर देनी पड़ी है। किशोरी के नए घर पर भी दो साथियों के साथ जाकर बेखौफ आरोपी ने दुष्कर्म किया। मंगलवार को एसएसपी से शिकायत होने पर कटघर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और उसके दो साथियों के खिलाफ धमकी देने का मामला दर्ज किया है, लेकिन वे तीनों पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं।
कटघर थानाक्षेत्र में रहने वाले फर्म कर्मचारी ने बताया कि चार माह पहले वह परिवार के साथ मझोला थानाक्षेत्र में रहते थे। उनकी बेटी (15) आठवीं कक्षा की छात्रा है। उसे 2017 में मोहल्ले में रहने वाला फईम रास्ते में रोककर परेशान करने लगा, छेड़खानी की। जिसकी शिकायत मझोला पुलिस से की गई। आरोपी को गिरफ्तार कर मझोला पुलिस ने न्यायालय भेजा, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। लगभग चार माह पहले आरोपी जेल से जमानत पर छूटा है। आरोपी ने 23 जनवरी को किशोरी से अपने घर में दुष्कर्म किया और एमएमएस भी बना लिया। विरोध पर एमएमएस वायरल कर बदनाम करने की धमकी देकर चुप करा दिया। इस एमएमएस के कारण किशोरी को आरोपी ने ब्लैकमेल कर उसका शारीरिक शोषण करना शुरू कर दिया। किशोरी ने परेशान होकर परिजनों को मामले की दोबारा जानकारी दी, खौफ में परिजनों ने अपना मकान छोड़ा और कटघर थानाक्षेत्र में परिवार के साथ आकर रहने लगे।
आरोप है कि इसके बाद आरोपी किशोरी को फेसबुक पर आपत्तिजनक मैसेज करने लगा। किशोरी की फोटो के साथ मोहल्ले में पर्चे तक छपवा दिए। दहशत में आकर किशोरी ने दो माह पहले स्कूल जाना भी बंद कर दिया। आरोपी ने उसके नए मकान के बारे में जानकारी की, वहां पर सोमवार को अपने दो साथियों के साथ वह पहुंच गया। किशोरी के माता-पिता घर से बाहर थे। तमंचे के बल पर फईम ने किशोरी से दुष्कर्म किया, विरोध पर उसके साथियों ने किशोरी को जान से मारने की धमकी दी। किशोरी ने शोर मचाया तो आस पड़ोस के लोग पहुंचे। खुद को घिरता देख आरोपी वहां से भाग निकले। मामले की शिकायत दससराय पुलिस चौकी पर की गई लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद एसएसपी से किशोरी के पिता ने शिकायत कर कार्र्रवाई की मांग की। एसएसपी जे रविंद्र गौड ने बताया कि आरोपी फईम के खिलाफ नामजद और उसके दो अज्ञात साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।