मुरादाबाद। मतदान के दौरान गड़बड़ी करने वाले लोग सलाखों में पहुंच जाएंगे। इसके लिए पहले से ही पुलिस ने तैयारी शुरू कर दी है। जनपद में दो हजार से ज्यादा ऐसे लोगों को रेड कार्ड जारी किए गए हैं। जो मतदान के दिन गड़बड़ी या मतदान को प्रभावित कर सकते हैं। उन्हें रेड कार्ड देकर कहा गया कि वह अपने मताधिकार का इस्तेमाल करें और इसके बाद सीधे अपने घर पहुंचे। अगर मतदान करने के बाद भी वह बूथ के इर्द गिर्द मंडराते नजर आए तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा हिस्ट्रीशीटर अपराधियों पर विशेष नजर रखी जाएगी।
डीआईजी जे रविंदर गौड ने बताया कि दो हजार 168 लोगों को अब तक रेड कार्ड जारी किए गए हैं। ये सभी लोेग मतदान करें और इसके बाद अपने घर चले जाएं। उन्होंने बताया कि यूपी 100 की पुलिस को अलर्ट किया गया है। चौबीस घंटे यूपी 100 के वाहन गांवों और सड़कों पर दौड़ती रहेंगी। किसी भी सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंचे। अवैध शराब, पैसा बांटने वालों पर विशेष नजर रखी जाए। उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें।