मुरादाबाद। लाकड़ी फाजलपुर में चुनावी रंजिश को लेकर चल रहे विवाद में भाजपाइयों के दो गुट भिडे़। सोमवार को स्थानीय पार्षद के पति इस विवाद में ही मंगलवार सुबह एक पक्ष के घर फायरिंग करने का आरोप दो बाइकों पर आए चार युवकों पर लगा है। पुलिस ने मौके पर जाकर मामला शांत कराया है जबकि दूसरे पक्ष ने भी घर में घुसकर हमला करने का आरोप लगाया है। दोनों ही मामलों में पुलिस से शिकायत की गई है, एक पक्ष के खिलाफ एससीएसटी एक्ट सहित संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
लाकड़ी फाजलपुर में भाजपा पार्षद रजनी देवी हैं। रजनी के पति कपिल देव ने बताया कि लाकड़ी में सीसी रोड का निर्माण कार्य चल रहा है, सोमवार को वह वहां पर गए थे, इस दौरान ही केंद्रीय उपभोक्ता भंडार के वाइस चेयरमैन संजीव चौहान, उनके भाई रवि चौहान सहित अन्य लोगों ने कपिल देव और अलाउद्दीन पर हमला किया। जातिसूचक शब्द कहे। इस मामले की शिकायत पुलिस से की गई थी लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। मंगलवार सुबह संजीव चौहान ने पुलिस को बताया कि लाकड़ी फाजलपुर में उनकी भाभी शशि के घर पर दो बाइक सवार चार युवकों ने फायरिंग की है। इनमें से एक पार्षद का देवर भी है। जानलेवा हमले में उनका भतीजा राहुल बाल-बाल बचा। सूचना पर भारी संख्या में पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचा। घर के अंदर छर्रे पडे़ मिले। पार्षद का कहना है कि दोनों ही मामले की निष्पक्ष जांच करने की मांग पुलिस से की है। एसएचओ विकास सक्सेना ने बताया कि इस मामले में पार्षद पक्ष की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर संजीव चौहान, रवि चौहान सहित अन्य के खिलाफ जानलेवा हमला सहित संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है, जबकि संजीव चौहान पक्ष की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर अभी जांच की जा रही है। इस मामले में भी आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।