नगीना और काशीपुर के बीच जल्द ही नई रेल लाइन बिछेगी। जिसके लिए कवायद तेज हो गई है। इन रेल लाइन के पड़ने से उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की सीमा से सटे गांव, कस्बे और तहसील के लोगों को तो सहूलियत को मिलेगी ही, साथ ही सहारनपुर, देहरादून की ओर से काशीपुर जाने यात्रियों को भी सीधे ट्रेन की सुविधा मिल सकेगी। नॉर्दर्न रेलवे दिल्ली के चीफ कॉमर्शियल मैनेजर टीएस ने डीएम बिजनौर को पत्र भेजकर सर्वे को लेकर आठ बिंदुओं पर रिपोर्ट मांगी है। जिस पर नगीना और धामपुर के एसडीएम को इस बारे में सूचनाएं शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
उत्तर रेलवे के चीफ कॉमर्शियल मैनेजर टीएस ने बिजनौर के जिला अधिकारी को पत्र भेजकर नगीना से धामपुर, अफजलगढ़, जसपुर, ठाकुरद्वारा और काशीपुर के लिए करीब 75 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन के लिए सर्वे कराने की बात कही है। इस सर्वे को लेकर रेलवे ने डीएम से आठ बिंदुओं पर सूचनाएं मांगी हैं। अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) विनोद कुमार गौड़ ने एसडीएम धामपुर व नगीना से रिपोर्ट मांगी है। यहां रेल लाइन बिछने से काशीपुर के यात्रियों को देहरादून, हरिद्वार और सहारनपुर जाने के लिए मुरादाबाद आने की जरूरत नहीं पड़ेगी। उन्हें काशीपुर से ही सीधे ट्रेन मिलेगी। जबकि नगीना की ओर से आने वाले यात्रियों को भी सहूलियत मिलेगी। जल्द ही इन लाइन को बिछाने के लिए सर्वे का कार्य शुरू हो जाएगा।
सांसद लंबे समय से लाइन बिछाने के लिए प्रयासरत
मुरादाबाद। नगीना काशीपुर के बीच नई रेल लाइन बिछाने के लिए प्रयासरत हैं। उन्होंने इसके लिए रेल मंत्री के सामने भी रेल लाइन बिछाने की मांग की थी। इसके अलावा सीआरबी की मुरादाबाद रेल मंडल में आने वाले सांसदों के साथ हुई बैठक में भी सांसद की ओर से इस लाइन की मांग को प्रमुखता से रखा गया था।
75 मिलोमीटर होगी रेलवे लाइन
नगीना से काशीपुर के बीच करीब 75 किलोमीटर रेल लाइन बिछेगी। जिसमें 10 स्थानों पर जंक्शन, हॉल्ट और रेलवे क्रॉसिंग बनेंगी। नगीना में जंक्शन, खिजरपुर में रेलवे क्रासिंग, भोजावाला में हॉल्ट, परमावाला में हाल्ट, अफजलगढ़ में रेलवे क्रासिंग, रेहड़ में हॉल्ट, बहेड़ी में रेलवे क्रासिंग, जसपुर व ठाकुरद्वारा में रेलवे क्रासिंग तथा काशीपुर में जंक्शन बनने का प्रस्ताव है।
धामपुर व नगीना की तहसील में जिन स्थानों पर रेलवे क्रॉसिंग या हॉल्ट बनाए जाएंगे। उन स्थानों की आठ बिंदुओं पर सूचना एक हफ्ते के भीतर डीएम को दी जाएगी। नगीना से काशीपुर के बीच पड़ने वाले स्टेशनों पर सर्वे किया जाना है। इसके लिए एडीएम का पत्र प्राप्त हुआ है। किन-किन क्षेत्र के लोगों को रेलवे से यात्रा करने के लिए लाभ मिलेगी, इसका सर्वे होना बाकी है। शीघ्र ही सर्वे शुरू कराया जाएगा।
- कुंवर वीरेंद्र कुमार, एसडीएम धामपुर, बिजनौर।
नगीना काशीपुर के बीच रेल लाइन बिछने से नगीना मुरादाबाद रेल मार्ग पर ट्रेनों का बोझ कुछ कम होगा। नगीना से काशीपुर के लिए यात्रियों को सीधे ट्रेन मिलेगी। यहां लंबे समय से रेल लाइन की मांग की जा रही थी।
अजय कुमार सिंघल, डीआरएम