शुक्रवार की रात मुगलपुरा के गुजराती मोहल्ले में बुजुर्ग बहनों राजरानी और कुसुम की हत्या की वारदात में नया खुलासा हुआ है। कुसुम को हत्या से एक सप्ताह पहले ही फोन पर एक करीबी ने धमकी दी। इस पर कुसुम ने उसे फटकार लगाई थी। दोनों के विवाद के पीछे संपत्ति विवाद ही वजह बताया जा रहा है।
पुलिस सूत्राें ने बताया कि करीब एक सप्ताह पहले घर में एक प्रापर्टी डीलर आया था। उसे घर के एक हिस्से को बेचने का ठेका दोनों बहनों के एक करीबी के जरिए मिला था। वह इसी सिलसिले में वहां पर आया था। प्रापर्टी देखने के बाद वह जाने लगा तो कुछ लोगों से उसने जानकारी की। दरअसल, वह घर के जिस हिस्से को बेचना चाह रहा था। वहां पर रास्ते को लेकर विवाद हुआ था। कुसुम ने मना कर दिया था कि वह दूसरी मंजिल की ओर जाने वाले रास्ते का इस्तेमाल किसी और को नहीं करने देंगी। इस पर प्रापर्टी डीलर ने कुसुम के करीबी को जानकारी दी तो उसने विरोध जताया। कुसुम के पास फोन किया और दोनों के बीच करीब पांच मिनट तक फोन पर झड़प हुई। कुसुम को धमकी मिली तो उन्होंने करीबी को फटकार लगा दी थी। इसके बाद जमीन के उस हिस्से का सौदा अभी तक नहीं हो सका है। फोन पर कुसुम को फटकार लगाते हुए सुना गया था, जिसकी सूचना अब पुलिस तक पहुंची है। ऐसे में पुलिस इस बिंदु को भी जांच में शामिल कर चुकी है। करीबी के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। अंदेशा जताया गया है कि कहीं दोहरे हत्याकांड में इस करीबी का हाथ तो नहीं है।