किसी जमाने में सटोरियों की दुनिया में सट्टा किंग के नाम से पहचाने जाने वाले जुल्फिकार उर्फ बिट्टू की पत्नी नफीसा बेगम ने पुलिस कर्मियों पर घर में घुसकर लूटपाट करने के आरोप लगाए हैं। नफीसा का आरोप है कि उसके पति के हत्यारोपी साबिर कालिया के इशारे पर पुलिस कर्मी उसे परेशान कर रहे हैं।
कटघर थानाक्षेत्र में करबला भदौरा निवासी नफीसा बेगम का आरोप है कि उसके घर में घुसकर तीन सिपाहियों ने एक लाख रुपये की रिश्वत मांगी। विरोध पर उसके बेटे का मोबाइल लूट लिया। शोर मचाने पर लोग एकजुट हुए तो सिपाही अपनी बाइक छोड़कर भागे। मामले की शिकायत लेकर एसएसपी कार्यालय पहुंची नफीसा का आरोप है कि तीनों सिपाहियों की दोस्ती साबिर कालिया से है। साबिर कालिया पर जुल्फिकार उर्फ बिट्टू की हत्या का आरोप है। महिला का आरोप है कि सोमवार दोपहर एक बजे तीनों सिपाही उसके घर में घुसे और एक लाख रुपये की रिश्वत मांगने लगे। महिला का आरोप है कि इंकार करने पर पुलिस कर्मी उसके बेटे को ले जाने लगे। विरोध करने पर तीनों सिपाहियों पर मोबाइल फोन लूटने का आरोप है। महिला का आरोप है कि पुलिस कर्मियों ने घर में लूटपाट शुरू की तो उसने शोर मचाया। यह देख तीनों सिपाही अपनी बाइक भी मौके पर ही छोड़कर भाग गए। एसएसपी जे रविंदर गौड ने बताया कि महिला ने मुझसे शिकायत नहीं की है। कार्यालय में शिकायत की गई होगी तो इस संबंध में जानकारी की जाएगी।