मुरादाबाद के गलशहीद थानाक्षेत्र में मिगलानी सिनेमा के पास आटो सवार एक छात्रा से जेवर और पांच हजार की नकदी से भरा बैग लूट लिया। वारदात को रविवार दोपहर को तीन बजे बाइक सवार तीन बदमाशों ने अंजाम दिया है। बदमाश डबल फाटक पुल पर होते हुए भाग गए। वारदात से छात्रा दहशत में है।
कटघर के शिवपुरी में रहने वाली चीना स्नातक की छात्रा हैं। वह रविवार को दोपहर के वक्त चंद्र नगर में मौसी के घर से मौसेरी बहन आंचल और निधि के साथ आटो में बैठकर घर जा रही थीं। चीना ने परिवार वालों को बताया कि मिगलानी सिनेमा के पास आटो की रफ्तार कम हुई, इस दौरान पीछे से बाइक पर आए तीन युवकों ने उसके हाथ से बैग छीन लिया। बैग में पांच हजार की नकदी और दो लाख रुपये के जेवर थे। वह परिवार के साथ हाल ही में रामपुर में एक शादी समारोह में गई थीं, इस वजह से परिवार के लोगों के जेवर बैग में ही इकट्ठा कर रखे गए थे। वह कुछ समझ पातीं कि तभी बाइक सवार तीनों बदमाश वहां से आगे निकल चुके थे। चीना और उनकी दो मौसेरी बहनों ने शोर मचाया और आटो चालक से मदद मांगी। आरोप है कि उनकी मदद के लिए आटो चालक भी तैयार नहीं हुआ। बाइक सवार युवक डबल फाटक की ओर भागे। इस वारदात के बाद चीना अपनी दोनों बहनों के साथ घर पहुंची। उसने पुलिस को सूचना नहीं दी। घर पहुंचकर परिवार वालों को लूट की वारदात के बारे में बताया। इसके बाद चीना को लेकर परिवार वाले घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। गलशहीद थाने पहुंचकर तहरीर दी है। चीना ने पुलिस को बताया कि वारदात के वक्त बाइक सवार तीनों बदमाशों ने हेलमेट पहन रखा था, इस वजह से उनके चेहरे नहीं देख सकी है। एसएचओ गलशहीद कृपाशंकर सक्सेना ने बताया कि लूट की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
थाने और चौकी बीच वारदात.. पुलिस का खौफ नहीं
मुरादाबाद। वारदात को गलशहीद थानाक्षेत्र की रोडवेज पुलिस चौकी और कटघर थाने के बीच में अंजाम दिया गया है। डबल फाटक पुल के पास पुलिसकर्मी को यातायात व्यवस्था की देखरेख के लिए तैनात किया गया है लेकिन बाइक सवार बदमाशों को उनका भी खौफ नहीं था। वारदात को अंजाम देकर बदमाश उनके सामने से होकर भाग गए, पुलिसकर्मी उनको पकड़ तक नहीं सके। लुटेरों ने बेखौफ अंजाम में वारदात की है।