पाकबड़ा के इस्लामनगर में चार दिन तक एक युवक का शव मकान के अंदर पड़ा रहा। शव से दुर्गंध आई तो आस पड़ोस के लोगों को शक हुआ। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है, विसरा सुरक्षित रखा गया है। अंदेशा है कि ज्यादा शराब पीकर जहरीला पदार्थ खाने या जहरीली शराब पीने से उसकी मौत हुई है। अंदेशा है कि उसने पत्नी के मायके जाने से नाराज होकर शराब पी और जहर खा लिया, जिससे उसकी मौत हो र्गई। हालांकि जहरीली शराब के सेवन से भी मौत होने की बिंदू पर भी जांच किए जाने की बात पुलिस ने कही है।
इस्लाम नगर में पुराने थाने के पास रिजवान (40) पत्नी मैसर जहां और बच्चों के साथ रहता था। वह पेंटर था। पुलिस ने बताया कि रिजवान ज्यादा शराब पीता था। इस वजह से उसका पत्नी से विवाद हो गया था। पत्नी ने बताया कि 13 नवंबर को वह बच्चों को लेकर मायके सिरसी महमूदपुर थाना मैनाठेर चली गई थी। घर पर अकेला रिजवान था। मंगलवार को सुबह करीब नौ बजे आसपास के लोगों को मकान के अंदर से दुर्गंध आना महसूस किया। मकान का दरवाजा अंदर से बंद था, उन्होंने पुलिस को और रिजवान की पत्नी को सूचना दी। पाकबड़ा पुलिस ने फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंचे और दरवाजा तोड़कर मकान के अंदर दाखिल हुए। कमरे का दरवाजा भी तोड़ा गया तो अंदर रिजवान का शव मिला, उसमें से दुर्गंध आ रही थी। पत्नी और बच्चे भी मौके पर पहुंचे गए। पुलिस ने दोपहर को शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिवार वालों के सुपुर्द कर दिया है। सीओ हाईवे राजेश कुमार ने बताया कि मौत की सही वजह का पता लगाने के लिए विसरा को जांच के लिए भेजेंगे। इस मामले में परिवार वालों ने पुलिस से शिकायत नहीं की है। रिजवान की मौत से पत्नी और बच्चे बेहाल हैं।