दिल्ली से मुरादाबाद लौट रहे एक फर्म कर्मचारी से ट्रेन में दोस्ती कर दो युवकों ने कपूर कंपनी पुल के नीचे लूटपाट की। कर्मचारी ने बताया कि वारदात को ट्रेन से उतरकर रेलवे ट्रैक पार करते वक्त अंजाम दिया गया। आरोपियों ने अगूठी, बैग और पांच हजार रुपये लूटे, विरोध पर बेरहमी से पीटा। पीड़ित को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले की सूचना मझोला और जीआरपी पुलिस को दी गई है।
गोविंद नगर निवासी प्रवीन सोनी ने बताया कि वह पंडित नंगला स्थित फर्म में नौकरी करता है। रविवार को वह दिल्ली से ट्रेन में सवार होकर मुरादाबाद आ रहा था। गाजियाबाद में उसे दो युवक मिले, उन्होंने प्रवीन से दोस्ती कर ली। ट्रेन जब कपूर कंपनी के पास पहुंची तो सिग्नल न मिलने के कारण रुक गई। प्रवीन ट्रेन से नीचे उतरकर जाने लगा तभी दोनों युवक भी ट्रेन से उतर गए। उन्होंने प्रवीन से लूटपाट की और भाग गए। प्रवीन जख्मी हालत में किसी तरह रेलवे ट्रैक पार कर सड़क पर पहुंचे और रिश्तेदारों को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को वारदात का पता चला। पीड़ित को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।