भगतपुर थानाक्षेत्र के पदिया नगला में नर्स की हत्या कर ढेला नदी में शव फेंकने वाले आरोपी झोलाछाप डाक्टर को पुलिस ने शुक्रवार दोपहर गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने उसकी निशानेदही पर आला कत्ल और नर्स के कपड़े बरामद किए हैं। जबकि अन्य आरोपी फरार हैं। जिसकी तलाश में पुलिस टीम लगी हैं। गिरफ्तार आरोपी को रविवार को अदालत में पेश किया जाएगा। झोलाछाप ने अपने साथियों के साथ मिलकर सामूहिक दुष्कर्म के बाद नर्स की गला रेतकर हत्या कर दी थी।
डिलारी थानाक्षेत्र की रहने वाली नर्स भगतपुर थाना क्षेत्र में झोलाछाप डाक्टर के क्लीनिक पर नौकरी करती थी। 11 जनवरी को वह क्लीनिक गई थी। इसके बाद से नर्स लापता हो गई थी। पुलिस ने झोलाछाप डाक्टर को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया था। उसने बताया कि उसने ही नर्स की हत्या की है। उसकी लाश ढेला नदी में फेंक दी है। पुलिस ने डाक्टर की निशानदेही पर बुधवार को शव बरामद किया था। पुलिस ने इस मामले झोलाछाप डाक्टर समेत तीनों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म, हत्या और लाश छिपाने के आरोप में केस दर्ज किया। हिरासत में लिए गए झोलाछाप की पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तारी दिखाई। पुलिस आरोपी के साथियों की तलाश में जुटी है। थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि आरोपी को रविवार को अदालत में पेश किया जाएगा।