मुरादाबाद। एक कार शोरूम के मालिक को हत्या की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शोरूम मालिक की तहरीर पर संभल के दो युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। शोरूम मालिक ने आरोपियों से जान का खतरा बताते हुए हमले की आशंका जताई है। शोरूम पर पुलिस तैनात कर दी गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
मझोला थाना क्षेत्र में दिल्ली रोड पर विनय मोहन टंडन का मैसर्स अर्जुन वासु ऑटोमोबाइल्स के नाम से हुंडई कार का शोरूम है। मझोला थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में उन्होंने कहा है कि संभल में दीपा सराय निवासी फैसल कामरान और हाजी अकरम अपनी गाड़ी ठीक कराने उनकी वर्कशॉप में आए थे। कार ठीक कर दी गई। लेकिन कार में एक साइड में निशान बताकर दोनों ने अपने साथियों के संग हंगामा शुरू कर दिया। वर्क शॉप मालिक का कहना है कि उन्होंने शिकायत दूर कराने का आश्वासन दिया लेकिन आरोपी हंगामा करने लगे। शोरूम में आग लगा देने और तोड़फोड़ करने की धमकी दी गई। आरोप है कि इसके बाद दोनों जान से मारने की धमकी देकर चले गए। शाम को मझोला थाने पहुंचकर शोरूम मालिक ने पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस ने फैसल कामरान और हाजी अकरम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।