कटघर थानाक्षेत्र में चोरों ने दो सगे भाइयों के घर का ताला तोड़कर नकदी, जेवर समेत छह लाख का माल चोरी कर लिया गया है। वारदात के वक्त परिवार शादी समारोह में गया था। वापस लौटने पर चोरी की वारदात का पता चला। वारदात की सूचना पुलिस को दी गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
कटघर के पीतल बस्ती स्थित कमला विहार में रहने वाले प्रशांत पाठक मोबाइल शॉप संचालक हैं। उन्होंने बताया कि मंगलवार को शाम के वक्त वह परिवार के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए धामपुर गए थे। उनके पड़ोस में ही उनके भाई ब्रजेश पाठक का मकान है। ब्रजेश जियो कंपनी में नौकरी करते हैं। वह भी अपनी पत्नी के साथ मंगलवार को चंदौसी गए थे। आरोप है कि वहां से बुधवार सुबह वापस आए तो दोनों के घराें के ताले टूटे मिले। प्रशांत ने बताया कि उनके घर के अंदर से 40 हजार की नकदी और जेवर समेत करीब पांच लाख का सामान चोरी कर लिया गया है। जबकि ब्रजेश के घर से 10 हजार की नकदी समेत एक लाख का सामान चोरी किया गया। चोरों ने दोनों घरों में रखी अलमारियों से लेकर कमरों के भी ताले तोड़ दिए थे। चोरी की वारदात की सूचना पुलिस को दी गई। एसएचओ कटघर अजीत सिंह ने बताया कि चोरी की शिकायत दर्ज कर इस मामले में जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास करने के लिए कहा गया है।
बेटी की शादी के लिए इकट्ठा की रकम ले गए चोर
मुरादाबाद। सिविल लाइंस के हरथला में रहने वाले एक गजक विक्रेता ने लंबे समय से बेटी की शादी के लिए बमुश्किल ढाई लाख रुपये इकट्ठा किए थे, जिसे चोर ले गए। साथ ही घर में रखे जेवर पर भी हाथ साफ कर दिया है। मामले की शिकायत करने पुलिस के पास गए तो पुलिस ने रिपोर्ट तक दर्ज नहीं की।
हरथला निवासी आसिफ ने बताया कि वह गजक बेचते हैं। परिवार में उनकी पत्नी और बेटी है। पत्नी और बेटी 16 फरवरी को रामनगर में गए थे, चाभी पड़ोस में रहने वाली भाभी को आसिफ की पत्नी ने दी थी। देर रात को आसिफ वापस आए तो उन्होंने चाभी ली। पत्नी और बेटी भी घर आ गए। सुबह उन लोगों ने देखा कि घर के अंदर अलमारी में रखे ढाई लाख रुपये और जेवर चोरी कर लिए गए हैं। आसिफ ने बताया कि चोरी की शिकायत हरथला पुलिस चौकी पर की गई, एक किशोर को पुलिस ने शक के आधार पर पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया था लेकिन उस पर कार्रवाई नहीं की गई। एसएचओ सिविल लाइन सुधीर पाल धामा ने बताया कि थाने पर बुधवार को आसिफ ने शिकायत की है, इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।