सिविल लाइन में रेलवे कालोनी के पास अधजले हालत में मिले शव की दूसरे दिन भी पहचान नहीं हो सकी है। शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। जिससे पता चला है कि शव करीब पांच साल की लड़की का है। जिसे मारने के बाद जलाया गया है। उसकी हत्या मुंह भींचकर की गई है। स्लाइड भी तैयार की गई है।
एसएचओ सिविल लाइन अजीत सिंह ने बताया कि शुक्रवार दोपहर को अधजले हालत में मिले शव का पोस्टमार्टम कराया गया था। रात को रिपोर्ट मिली है, जिसमें स्पष्ट किया गया है कि मासूम की हत्या पोस्टमार्टम किए जाने से करीब दो दिन पहले मुंह भींचकर की गई है। इसके बाद उसके शव को जलाया गया है। अंदेशा है कि बुधवार रात को ही वारदात को अंजाम दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद इस मामले में आरोपी की तलाश के लिए दो टीमें बना गई हैं। इनमें से एक टीम को हत्यारों का पता लगाने के लिए लगाया गया है तो दूसरी टीम को शव की शिनाख्त के लिए लगाया गया है। जिससे की जल्द ही वारदात का खुलासा हो सके।
अब तक 10 बच्चों के परिजनों दिखाया शव
मुरादाबाद। पुलिस ने जनपद से लापता करीब दस मासूमों के परिजनों को अधजले शव की फोटो दिखाई और पहचान की अपील की है लेकिन उन्होंने इससे इंकार कर दिया है। शव की शिनाख्त के लिए आसपास के जनपद की पुलिस से भी मदद मांगी जा रही है। चार से सात साल की लापता बच्चियों के बारे में जानकारी की जा रही है। जिससे की शव की पहचान हो सके। हालांकि पुलिस को अब तक मदद नहीं मिली है।
रेलवे स्टेशन की भी सीसीटीवी फुटेज खंगाली
मुरादाबाद। आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाने के लिए शुक्रवार को पुलिस की टीम ने रेलवे स्टेशन के पास सीसीटीवी फुटेज खंगाली। जिससे की आरोपियाें या बच्ची के बारे में पता चल सके । करीब दो घंटे तक पुलिस की टीमें रेलवे स्टेशन के अलावा स्टेशन रोड पर भी लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालती रही लेकिन देर रात तक मदद नहीं मिल सकी है।