मुरादाबाद। कटघर थानाक्षेत्र स्थित रामगंगा पुल पर रविवार शाम पौने सात बजे रोडवेज बस ने सामने से आ रहे एक आटो में टक्कर मार दी। हादसे में आटो में सवार मां-बेटे सहित तीन की मौत हो गई। महिला का पति जख्मी हो गया। आरोपी चालक बस लेकर भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। बस सोहराब गेट डिपो की है।
मझोला थानाक्षेत्र के जयंतीपुर में मोहम्मद शब्बीर अहमद (50) का परिवार रहता है। शब्बीर अपनी पत्नी छोटी बेगम (47) बेटे मन्नान उर्फ मिक्की (6) के साथ रविवार शाम को आटो में बैठकर सिरसवा गौड़ जा रहे थे। सिरसवा गौड़ में छोटी बेगम की बहन रहती हैं, जिनकी बेटी के रिश्ते के कार्यक्रम में उनको शामिल होना था। सीओ कटघर सुदेश गुप्ता ने बताया कि रामगंगा पुल पर आटो चालक ने एक वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश की। तभी रामपुर की ओर से आ रही सोहराब गेट डिपो की बस ने आटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि आटो के परखचे उड़ गए और छोटी बेगम उनके बेटे मन्नान, मोहम्मद शब्बीर और एक अन्य बुरी तरह से घायल हो गए। उधर बस लेकर चालक भाग गया। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने चारों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां पर डॉक्टरों ने छोटी बेगम, मन्नान और उसमें सवार एक युवक को मृत घोषित कर दिया जबकि शब्बीर को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की सूचना पर शब्बीर के परिवार वाले भी जिला अस्पताल पहुंचे। वहां पर कोहराम मच गया। सीओ ने बताया कि मरने वाला तीसरा व्यक्ति संभवत: आटो चालक है। उसकी शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। तीनों मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सीओ का कहना है कि प्रत्यक्षदर्शियों ने बस के सोहराबगेट डिपो की होने की जानकारी दी है। उसका नंबर ट्रेस किया जा रहा है।
डीएम ने अस्पताल पहुंचकर ली हादसे की जानकारी
मुरादाबाद। डीएम राकेश कुमार सिंह हादसे की सूचना मिलने के बाद जिला अस्पताल पहुंचे। वहां पर उन्होंने डॉक्टर से घायल शब्बीर का हाल जाना। पुलिस से हादसे के संबंध में जानकारी की। डीएम के अस्पताल पहुंचने की जानकारी मिलने पर परिवहन विभाग के अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे।