मुरादाबाद। मुगलपुरा के लालबाग में एक मकान में शुक्रवार दोपहर आग लग गई। आरोप है कि मकान में आग पड़ोसी ने लगाई थी। घटना के वक्त छत पर खेल रहे पांच बच्चे आग की लपटों की चपेट में आने से बाल बाल बचे। मामले की शिकायत पर मुगलपुरा पुलिस ने इस मामले में मां, बेटे समेत तीन पर केस दर्ज किया है।
लालबाग निवासी संजय कुमार फर्म में काम करते हैं। उनके पिता प्रेम शंकर गन्ने का कोल्हू चलाते हैं। गन्ने की खोई घर में छत पर रखते हैं, जिससे पड़ोस में रहने वाली महिला भगतवती खफा रहती है। संजय के मुताबिक महिला कहती है कि गन्ने की खोई की वजह से चीटियां उसके घर आती हैं। शुक्रवार दोपहर तीन बजे छत पर संजय के बच्चे रितिक, हर्ष और अन्नू के अलावा उनके छोटे भाई के बच्चे सुमित और नंदिनी छत पर खेल रहे थे। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाली महिला, उसके बेटे और बेटी ने संजय की छत पर रखी गन्ने की खोई में आग लगा दी, आग लगने पर बच्चों ने शोर मचाया तो मामले की जानकारी हुई। बच्चों को आग की लपटों के बीच छत से नीचे उतारा गया और आस पड़ोस के लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया। एसएचओ मुगलपुरा गजेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की शिकायत मिली है। इस मामले में रवि, उसकी मां भागवती और बहन मालती के खिलाफ आगजनी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।