मुरादाबाद। मझोला थानाक्षेत्र में रहने वाले एक युवक की घर में घुसकर जहर देकर हत्या कर दी गई। आरोप उसकी प्रेमिका के दो सगे भाइयों पर है। हत्या के विरोध में परिवार वालों ने रिश्तेदारों और कालोनी के लोगों के साथ मिलकर सांई अस्पताल के बाहर दिल्ली हाईवे पर जाम लगा दिया। हंगामा किया और आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जल्द गिरफ्तारी की मांग की। जाम में वाहन चालक फंस गए, सूचना पर पहुंची पुलिस को लोगों के आक्रोश का सामना करना पड़ा, नोकझोंक और कहासुनी हुई। बमुश्किल पुलिस ने उनको समझाकर मामला शांत कराया। दोनों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
मझोला के मीरपुर गांव में रहने वाले संतराम ने बताया कि उनकी परचून की दुकान है। बेटा सूरजपाल (19) भी उनके साथ दुकान पर ही बैठता था। सूरजपाल के प्रेम संबंध कालोनी में ही रहने वाली एक युवती से तीन साल से थे। वह दोनों शादी करना चाहते थे, इस रिश्ते के लिए संतराम भी राजी थी। उन्होंने रिश्ते की बात की तो युवती के भाई रोबिन और विरेन उर्फ बेन ने शर्त रखी थी कि जब सूरजपाल के नाम पांच लाख रुपये और जमीन की जाएगी तो ही ये शादी हो सकती है। जमीन और पांच लाख रुपये बेटे के नाम करने से संतराम ने इंकार कर दिया था, जिस वजह से रिश्ते की बात आगे नहीं बढ़ सकी थी। संतराम ने बताया कि सात जून को वह परिवार के साथ रिश्तेदारी में गए थे, घर में सूरजपाल अकेला था। सात जून की रात साढे़ बारह बजे संतराम वापस आए तो देखा कि उनके घर से रोबिन और विरेन उर्फ बेन हड़बड़ाते हुए बाहर निकल रहे थे। अंदर जाकर देखा तो सूरजपाल जमीन पर पड़ा था, उसके मुंह से झाग निकल रहे थे। सूरजपाल को उपचार के लिए सांई अस्पताल ले जाया गया। जहां से डॉक्टरों ने उसे किसी दूसरे अस्पताल ले जाने के लिए कहा। सूरजपाल को जिला अस्पाल ले जाया गया, जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया। इस मामले की शिकायत पुलिस से की गई लेकिन आरोपियों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई न होेने पर परिवार वालों का गुस्सा फूट गया। वह शनिवार सुबह दिल्ली हाईवे पर पहुंचे और वहां पर जाम लगाकर आक्रोश जाहिर किया। लोकोशेड पुल पर दोनों ओर से वाहनाें की आवाजाही रोक दी गई। लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
हाईवे पर जाम लगाए जाने की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे तो उनसे मांग की गई कि सूरजपाल की प्रेमिका के दोनों भाईयों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर तुरंत उनकी गिरफ्तारी हो। इस दौरान पुलिस से नोकझाेंक भी हुई, आरोप लगाया गया कि पुलिस लापरवाही बरत रही है। अंत में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन देकर हाईवे से जाम खुलवाया। सीओ सिविल लाइन राजेश कुमार ने बताया कि रोबिन और बिरेन उर्फ बेन के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। जिसमें जहर से रोबिन की मौत की पुष्टि हुई है। इस मामले में आरोपियों की तलाश की जा रही है, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्त में लेकर उनसे पूछताछ की जाएगी।
मोहब्बत में डेढ़ साल पहले बडे़ भाई अब छोटे भाई की गई जान
मुरादाबाद। परिवार वालों ने बताया कि सूरजपाल दो भाई थे, सूरजपाल के बडे़ भाई संजू का शव डेढ़ साल पहले लोकोशेड पुल के पास रेलवे ट्रैक पर मिला था। परिवार वालों ने शक जताया था कि संजू की हत्या प्रेम संबंध में की गई है, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। अब सूरजपाल की हत्या प्रेम संबंध की वजह से कर दी गई है। इससे परिवार में कोहराम मच गया है, परिवार वाले इंसाफ की मांग कर रहे हैं।
जाम में फंसे मरीज, अधिकारी और नौकरीपेशा भी
मुरादाबाद। शनिवार की सुबह जब सूरजपाल की मौत से आक्रोशित भीड़ ने दिल्ली हाईवे पर जाम लगाया तो इस जाम में दो एंबुलेंस भी फंस गई, जिसकी वजह से मरीजों को परेशानी हुई। इसके अलावा पुलिस और प्रशासनिक, नौकरीपेशा लोग भी जाम में फंसे, जिस वजह से उनको परेशानी हुई। लोकोशेड पुल को पार करने के लिए ही जाम में फंसे वाहन चालकों को करीब एक घंटा लगा, सवारी वाहनों में बैठी सवारियों ने पैदल उतरकर सफर तय किया, जिस वजह से उनको परेशानी का सामना करना पड़ा।