ठाकुरद्वारा (मुरादाबाद)। ओला से कार बुकिंग कर नोएडा से नैनीताल जा रहे तीन युवकों ने ठाकुरद्वारा में तमंचे के बल पर कार रुकवा ली। चालक की पिटाई कर उससे कार, नकदी ओर मोबाइल लूट लिए। चालक को पेड़ से रस्सी से बांधकर आरोपी भाग गए। राहगीरों ने चालक को पेड़ से बंधा देख उसको बंधनमुक्त किया और पुलिस को सूचना दी। इस मामले में लूट की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
हाथरस के चामड़ गेट सिकंदर तकिया निवासी पंकज कुमार ने बताया कि वह नोएडा में महादेव अपार्टमेंट में रहता है। उसने लोन पर स्विफ्ट डिजायर कार ली थी, जिसे वह ओला कैब के माध्यम से बुकिंग पर चलाकर गुजर बसर करता है। 19 मई की शाम छह बजे उसकी कार को ओला कैब नोएडा के माध्यम से मोबाइल एप से बुक कराया गया। वह बताए गए स्थान पर पहुंचा जहां से दो युवक उसकी कार में सवार हुए। उन्होंने उससे दो दिन के टूर पर नैनीताल चलने के लिए कहा। इसकी एवज में साढे़ छह हजार रुपये देना तय हुआ तो वह दोनों को कार में बैठाकर नैनीताल के लिए चल पड़ा। जोया से कार सवार युवकों का तीसरा साथी कार में बैठा इसके बाद उन लोगों ने मुरादाबाद पहुंचकर शराब खरीदी। उसे काशीपुर के रास्ते से नैनीताल चलने के लिए कहा। रात करीब साढ़े 11 बजे जब वह कार लेकर ठाकुरद्वारा के सुल्तानपुर दोस्त चौराहे पर पहुंचा तब तीनों युवकों ने कहा कि उन्हें सुल्तानपुर दोस्त गांव से अपने एक और साथी को लेना है। यह कहकर उन्होंने कार को गांव की ओर जाने वाली सड़क पर मुड़वा दिया। बीच रास्ते मेें वह तीनों कार से नीचे उतरे। चालक को भी नीचे उतार लिया फि र उसकी कनपटी पर तमंचा रखकर तीनों ने उसे रस्सी से एक पेड़ से बांध दिया। उससे मोबाइल, साढे़ तीन हजार रुपये और कार लूटकर फरार हो गए। उनके चले जाने के बाद चालक ने शोर मचाया तो आधे घंटे बाद वहां से गुजर रहे कुछ लोग मौके पर आ गए। घटना की सूचना मिलने पर 100 डायल पुलिस मौके पर पहुंची। कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। घटना में शामिल बदमाशों की तलाश के लिए पुलिस की टीमों को नोएडा और अन्य स्थानों पर भेजा गया है।