चंदौसी। शहर कोतवाली के मोहल्ला गोलागंज निवासी एक महिला से दवा दिलाने के नाम पर झांसा देकर सोने के कुंडल, अंगूठी व सात सौ रुपये ठग लिए। महिला ने घटना की तहरीर कोतवाली में दी है।
गोलागंज निवासी अनार देवी पत्नी बांके लाल यादव शनिवार की सुबह पुत्र की दवाई लेने सरकारी अस्पताल जा रही थी। जब वह फव्वारा चौक पर पहुंची तो सामने आकर एक बाइक सवार युवक ने उसका रास्ता रोक लिया और दवाई लेने जाने की बात पूछने लगा। उसने महिला को चेकअप कराकर दवाई दिलाने का झांसा देकर बाइक पर बैठा लिया। युवक महिला को अस्पताल में घुुुमाकर वापस एक सुनसान स्थान पर ले गया और उसके कानों सोने के कुंडल व एक अंगूठी व पर्स में रखे सात सौ रुपये ले लिए। युवक यह कहकर वहां से चला गया कि वह अभी आ रहा है तभी अपने साथ ले जाएगा। महिला को बदहवास हालत में बैठे देख राहगीरों ने पूछताछ करने पर घर का पता बताया। राहगीरों ने रिक्शा कराकर महिला को उसके घर भेजा। शाम को हालत सामान्य होने पर उसे अपने ठगे जाने का अहसास हुआ। महिला ने घटना की तहरीर रविवार की सुबह कोतवाली में दी है।