पाकबड़ा (मुरादाबाद)।
पाकबड़ा के हासमपुर गोपाल गांव निवासी एक भट्ठा मजदूर ने बेटी की शादी में लिए कर्ज नही चुका पाने से परेशान होकर आत्महत्या की थी। मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम होने के बाद परिवार वालों के सुपुर्द कर दिया गया है। परिवार वालों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया है।
गांव निवासी टीकम सिंह (51) भट्ठे पर मजदूरी करता था। टीकम की पत्नी रूपवती ने बताया कि बेटी देवेन्द्री की शादी डेढ़ साल पहले की थी। शादी के लिए टीकम के पास रुपये नही थे, इसलिए उन्होंने साढ़े तीन लाख रुपये का कर्ज ब्याज पर एक साहूकार सहित दो लोगों से लिया था। कर्ज की रकम ज्यादा ब्याज होने के कारण चुका नहीं पाए। रकम बढ़ा कर साहूकारों ने छह लाख रुपये कर दी थी। तगादा करना शुरू कर दिया। इससे टीकम परेशान हो गए थे। रूपवती का कहना है कि सोमवार रात करीब 11 बजे टीकम ने चारपाई की रस्सी को खोलकर अपने गले में लपेट लिया और छत की बल्ली से फंदा बनाकर लटक गए। जिससे उनकी मौत हो गई। परिवार वालों का कहना है कि कर्ज तो चुका दिया जाता लेकिन कर्ज का ब्याज इतनी तेजी से बढ़ा की उसने पति को आत्महत्या करने के लिए मजबूर कर दिया। हालांकि, उन्होंने इस संबंध में थाने में तहरीर नहीं दी है। सीओ हाईवे राजेश कुमार का कहना है कि परिवार वाले तहरीर मिलने पर कार्रवाई होगी।