चंदौसी। शहर कोतवाली क्षेत्र में बुधवार की रात चोरों ने सीमेंट व्यापारी के घर में घुसकर 1.85 लाख रुपये की नकदी समेत करीब चार लाख रुपये का सामान चोरी हो गया। घटना की तहरीर कोतवाली पुलिस को दी गई है।
मोहम्मदपुर काशी गांव निवासी नूरुल हसन पिछले कई सालों से चंदौसी के मोहल्ला लक्ष्मणगंज में मोहम्मद वकील के मकान में किराये पर रहते हैं। वह चंदौसी में सीमेंट विक्रय का कारोबार करते हैं। बुधवार की रात नूरुल हसन व उनके पिता तो मकान में नीचे सो गए जबकि उनकी पत्नी ऊपर सो रही थीं लेकिन मध्यरात्रि को तबियत खराब होने के कारण वह भी दूसरे कमरे में जाकर सो गईं। इसी बीच चोर घर में घुस गए। सुबह को नूरुल हसन की मां परवीन नमाज के लिए उठीं तो नूरुल हसन का कक्ष खुला देखा। उसमें सारा सामान बिखरा पड़ा था। इस पर परिजनों को जगाया। सूचना पर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। सीमेंट व्यापारी ने बताया कि उसके घर में रखे 1.85 लाख रुपये नकद, एक सोने का टीका, एक जोड़ी झाले, दो अंगूठी, एक नथ, एक किग्रा चांदी, दो पैंडल आदि करीब चार लाख रुपये का सामान की चोरी कर ले गए। घटना की तहरीर कोतवाली पुलिस को दे दी गई। चोर पड़ोसी के मकान के सहारे उनके घर में दाखिल हुए थे। पुलिस जांच में जुट गई है।