टांडा। नगर में देर रात शराब पीकर महिलाओं ने कोतवाली में उत्पात मचाया। महिलाओं की महिला कांस्टेबल के साथ गाली-गलौज और नोकझोंक भी हुई। कोतवाली में मौजूद पुरूष सिपाही नशे में धुत महिलाओं का महिला सिपाहियों के साथ खींचतान करते देखते रहे।
शुक्रवार देर रात बाजपुर की ओर आ रही गाड़ी में से कुछ महिलाओं ने भगतपुर तिराहे के पास शोर मचाना शुरू कर दिया कि महिलाओं के साथ मौजूद युवक उन्हें अपहरण कर ले जा रहे हैं। शोर सुन सड़क से गुजर रहे लोगों ने गाड़ी को घेरकर रोक लिया और पुलिस को मामले की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब गाड़ी में मौजूद दो महिलाओं और दो युवकों को उतारा तो सभी नशे में थे। इस पर पुलिस सभी को कोतवाली ले आई लेकिन नशे में धुत महिलाओं ने कोतवाली में जमकर हंगामा मचाया और साथ में मौजूद महिला कांस्टेबल के साथ गाली गलौज की। लेकिन कोतवाली में मौजूद पुरुष कांस्टेबल नशे में धुत महिलाओं को महिला कांस्टेबल के साथ खींचतान करता देख कर भी मूक दर्शक बने रहे। काफी देर तक खींचतान चलने के बाद महिला सिपाही के पति और शराबी महिलाओं के साथ आए युवकों ने बीच बचाव कराया। जानकारी करने पर पता चला कि दोनों युवक स्वार निवासी तथा महिलाएं करूला (मुरादाबाद) की रहने वाली हैं। युवकों ने पैसे देकर महिलाओं को बुलाया था। चारों ने उत्तराखंड के बाजपुर दोराहे के किसी होटल से आ रहे थे, जहां पर सभी ने शराब पी थी। नशे में धुत महिलाओं का युवकों के साथ पैसे के लेनदेन को लेकर झगड़ा हुआ था। इस पर उन्होंने चीख पुकार मचाई। वहीं इस मामले में कोतवाल जीत सिंह ने बताया कि महिलाओं और युवकाें ने लिखित रूप से स्वीकार किया है कि जो कुछ भी हुआ वह नशे में हुआ। सभी ने इस घटना को लेकर माफी मांगी है और भविष्य में इस तरह की हरकत नहीं करने की बात कही है। इसलिए कार्रवाई के बिना ही सभी को छोड़ दिया गया है।