चंदौसी। महिलाओं ने दुष्कर्म की कोशिश करने के आरोपी की न्यायालय परिसर में जमकर पिटाई की। पुलिसकर्मियों ने आरोपी को बचाने का प्रयास किया तो महिलाओं ने पुलिस से भी हाथापाई की। इससे न्यायालय परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के कड़े पहरे में आरोपी को मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया।
थाना बनियाठेर एक गांव में जनपद बदायूं के थाना इस्लामनगर के एक गांव से किशोरी शादी समारोह में शामिल होने आई थी। शनिवार की रात जब किशोरी समारोह स्थल से टॉयलेट करने के लिए बाहर आई तो टॉयलेट के बाहर खड़े युवक ने किशोरी को दबोच लिया। इसके बाद युवक किशोरी को पास के ही तालाब के किनारे ले गया और दुष्कर्म करने का प्रयास किया। विरोध करने पर किशोरी के साथ मारपीट भी की। किशोरी के चीखने पर तालाब के निकट स्थित मंदिर का पुजारी जाग गया और उसने आवाज लगा दी। इसके बाद आरोपी वहां से भाग गया। इसके बाद सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर आरोपी युवक की तलाश की। क्षेत्राधिकारी चंदौसी ओंकार सिंह ने शादी की वीडियोग्राफी खंगाली। वीडियोग्राफी के आधार पर आरोपी युवक की शिनाख्त प्रदीप मौर्य के रूप में की गई। रविवार की शाम आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया था।
सोमवार को पुलिस आरोपी को न्यायालय में मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश करने पहुंची। पुलिसकर्मी आरोपी के साथ न्यायालय परिसर में बनी कैंटीन पर चाय पी रहे थे। इसी दौरान पीड़ित किशोरी के पक्ष की आठ-दस महिलाएं वहां पहुंच गईं। पुलिस जब तक कुछ समझ पाती तब तक महिलाओं ने आरोपी की धुनाई शुरू कर दी। महिलाएं करीब 15 मिनट तक आरोपी की चप्पलों से पिटाई करती रहीं। इस दौरान बनियाठेर पुुलिस वहां मूक दर्शक बनी रही। हालांकि कुछ पुलिसकर्मियों ने महिलाओं से आरोपी को बचाने का प्रयास किया। इस पर महिलाओं ने पुलिस कर्मियों से भी हाथापाई की। इससे न्यायालय परिसर में हड़कंप मच गया। घटना के बाद महिलाएं मौके से चली गईं। घटना के बाद कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार पुलिस बल के साथ कचहरी में पहुंचे। उन्होंने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आरोपी को जज के सामने पेश किया। वहीं, इस बीच मीडियाकर्मी घटना की कवरेज करने लगे तो वहां खडे़ कुछ अधिवक्ताओं ने मीडियाकर्मियों से हाथापाई की। प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार ने बताया कि पूरे मामले में किसी तरह की तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।