नागफनी थानाक्षेत्र के जिगर कालोनी में मंगलवार रात कचहरी कर्मचारी के बेटे गोविंदा (17) की सिर पर भारी वस्तु से हमलाकर हत्या कर दी गई। बुधवार सुबह उसका शव एक प्लाट में पड़ा मिला तो सनसनी फैल गई। उसके सिर से खून बह रहा था और मुंह से झाग निकल रहा था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में चोट लगने से मौत की पुष्टि हुई है। अन्य जांच के लिए विसरा सुरक्षित रखा गया है। पुलिस ने गोविंदा के दोस्त पप्पू के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है।
बंगला गांव पुलिस चौकी के पीछे रहे वाले गोपाल सिंह कचहरी में कार्यरत हैं। परिवार में पांच बेटे विनोद, विशाल, गोविंदा, नीशू और सचिन हैं। तीसरे नंबर का बेटा गोविंदा (17) ने आठवीं तक पढ़ाई की। इसके बाद उसने स्कूल जाना छोड़ दिया। वह शादी विवाह में खाना बनाने का कार्य करता था। मंगलवार रात साढ़े नौ बजे गोविंदा घर से बाहर घूमने गया था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। मंगलवार सुबह जिगर कालोनी में टंकी के पास प्लाट में एक किशोर का शव पड़ा था। किशोर के सिर में चोटों के निशान थे और मुंह से झाग आ रहा था। लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। इसी बीच गोविंदा के भाई और पिता भी मौके पर आ गए। उन्होंने मृत की पहचान गोविंद के रूप में की। पुलिस ने शव का पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम को भिजवा दिया। बुधवार शाम आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला कि गोविंदा को सिर पर भारी चीज से हमलाकर किया गया है, जिससे सिर की हड्डियां टूट गई थीं। इसी की वजह से मौत हुई है। नागफनी थाने में पिता गोपाल सिंह की तहरीर पर गोविंदा के दोस्त बंगला गांव निवासी पप्पू के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने पप्पू को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ शुरू कर दी है।