सशस्त्र बदमाशों ने तीन घरों में डाला तीन लाख का डाका
मिलक। दर्जनभर से ज्यादा सशस्त्र बदमाशों ने तीन घरों में जमकर लूटपाट की और 43 हजार की नगदी समेत तीन लाख से ज्यादा का माल लूट कर ले गए। विरोध पर धमकाया और फरार हो गए।
बदमाशों जेल में बंद दो भाइयों की जमानत कराने को एकत्र की गई 30 हजार की नगदी लूट कर ले गए।
कोतवाली क्षेत्र के किरा गांव निवासी मुसाफिर खां के घर पर शुक्रवार को करीब आधी रात के करीब दर्जन भर से ज्यादा सशस्त्र बदमाशों ने धावा बोला। बदमाश मुसाफिर खां के घर में घुसकर गए और लूटपाट शुरू कर दी। मुसाफिर के बेटे की कुछ दिन पहले ही शादी हुई है। बदमाशों ने घर में 13 हजार की नगद लूट ली और महिलाओं के कीमती आभूषणों की लूटपाट करने लगे। उन्होने एक-एक करके सभी के करीब छह तौला सोने के आभूषण लूट लिए। लूटपाट करके बदमाश धमकाकर फरार हो गए। बेखौफ बदमाशों ने गांव निवासी प्रताप सिंह और ओम पाल गंगवार के यहां पर धावा बोला। यह दोनों भाई किसी मामले में जेल में बंद हैं और उनके परिवार की महिलाएं तथा अन्य सदस्य घर पर थे। परिवार वालों ने दोनों भाईयों की जमानत के लिए 30 हजार की नगदी एकत्र की थी। जिनको बीत रात बदमाश लूटपाट करके ले गए। बदमाशों ने यहां से महिलाओं के सोने के कीमती आभूषण लूट लिए और धमकाकर फरार हो गए। लूट पाट की सूचना पर कोतवाल आर.बी. कौल रात में ही पहुंच गए। घटना का एसपी विपिन टाडा और सीओ ओपी आर्य ने जायजा लिया। एसपी ने बदमाशों की धर पकड़ के लिए टीम बनाई और बदमाशों को पकड़ने के निर्देश दिए। मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।