घर में घुसकर नाबालिग से छेड़खानी, दुष्कर्म की कोशिश
कुआखेड़ा। घर में सो रही नाबालिग के साथ एक अधेड़ व उसके भतीजे ने दुष्कर्म की कोशिश की। विरोध करने पर उसके छोटे भाई के साथ मारपीट की गई। पीड़िता का कहना है कि आरोपी आए दिन उस पर तेजाब फेंकने की धमकी देकर अपने साथ सोने के लिए कहते थे। पुलिस ने अधेड़ को गिरफ्तार कर लिया है जबकि भतीजा भाग गया। जबकि पुलिस का कहना है कि मामला आपसी विवाद का है।
गांव निवासी एक ग्रामीण गुरुवार को अपने घर पर नहीं था। उसकी नाबालिग बेटी घर पर अकेली थी। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले एक अधेड़ ने उसे अकेला पाकर भतीजे के साथ घर में घुसकर दुष्कर्म की कोशिश की। मौके पर मौजूद उसके छोटे भाई ने विरोध किया तो उसकी पिटाई कर दी गई। इसी बीच परिजन घर पर आ गए। परिजनों को आया देखकर आरोपी भाग निकले। पिता ने 100 नंबर को फोन कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने अधेड़ को अपनी गिरफ्त में ले लिया जबकि भतीजा भाग गए। नाबालिग ने थाने में बताया कि आरोपी आए दिन उसके साथ संबंध बनाने के लिए कहते थे। संबंध ना बनाने पर तेजाब फेंकने की धमकी दिया करते हैं। दूसरी ओर पुलिस ने दुष्कर्म की कोशिश की घटना से इंकार करते हुए इसे आपसी विवाद बताया है।